MP / नाबालिग लड़की ने चाकू मारकर किया पड़ोसी का कत्ल, भद्दे कमेंट को लेकर थी नाराज

Vikrant Shekhawat : Jun 10, 2022, 08:44 PM
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल (MP Bhopal) में एक नाबालिग लड़की ने अपने पड़ोस में रहने वाले एक शख्स के सीने में चाकू मारकर हत्या कर दी। इस दौरान लड़की के माता-पिता भी मौजूद थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। पुलिस ने लड़की को हिरासत में लेकर उसके माता पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

टीटी नगर थाना प्रभारी चैन सिंह रघुवंशी ने 'आजतक' से बात करते हुए कहा कि पुराने विधायक आवास के पास की झुग्गियों में रहने वाले रामनाथ की हत्या कर दी गई। इस मामले की जांच के दौरान सामने आया कि पड़ोस में उसके ही गांव का एक परिवार भी रहता है। इस परिवार में पति-पत्नी और उनकी 14 साल की बेटी है। मृतक रामनाथ और आरोपी परिवार के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था। रामनाथ पड़ोस में रहने वाली नाबालिग लड़की पर भद्दे कमेंट करता था, जिससे वह बेहद परेशान रहती थी। वह अपने माता-पिता को इस बारे में वह बता चुकी थी।

घटना वाले दिन भी मृतक ने लड़की पर कमेंट किया था, जिसके बाद उसने माता-पिता को यह बात बताई। लड़की के साथ पति-पत्नी रामनाथ के पास पहुंचे और दोनों ने रामनाथ के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान बच्ची ने चाकू से रामनाथ के सीने पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रामनाथ की मौत के बाद आरोपी लड़की को हिरासत में ले लिया है। वहीं उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER