महाराष्ट्र / मुंबई में सामने आए कोविड-19 के लगभग 21,000 नए मामले, धारावी में मिले 150 केस

मुंबई में शुक्रवार को कोविड-19 के 20,971 नए मामले सामने आए जबकि 6 मौतें दर्ज हुईं। गुरुवार के मुकाबले नए मामलों में लगभग 4% की बढ़ोतरी हुई है। बीएमसी के मुताबिक, धारावी में कोविड-19 के 150 नए मामले दर्ज हुए जो सर्वाधिक दैनिक बढ़ोतरी है। मुंबई में कोविड-19 सक्रिय मामलों की संख्या 91,731 है जबकि धारावी में यह 558 है।

मुंबई: देश में कोरोना की तीसरी लहर का कहर मुंबई पर तेज हो गया है। मायानगरी मुंबई में शुक्रवार को कोरोना के 20971 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 6 लोगों की मौत हुई है। इस तरह शहर में कोरोना सक्रिय मामले 91 हजार पार कर गए हैं। इससे पहले गुरुवार को शहर में कोरोना केस 20 हजार से ज्यादा आए थे।

मुंबई में कोरोना केसों में आई तेजी के चलते महाराष्ट्र में आंकड़ा बहुत बढ़ गया है। शुक्रवार को शहर में 20971 नए केस मिले हैं। अभी तीसरी लहर का पीक आना बाकी बताया जा रहा है और उससे पहले यह हालत चिंताएं बढ़ाने वाली है। ओमिक्रॉन वैरिएंट के कारण इस वक्त आ रहे कोरोना मामले डेल्टा वैरिएंट के चलते आई दूसरी लहर के पीक में मिले 11,206 केसों के मुकाबले 75 फीसदी ज्यादा हैं। यही नहीं मुंबई का डेली पॉजिटिविटी रेट भी तेजी से बढ़ते हुए 30 फीसदी हो गया है। कुल मिलाकर मुंबई में जिन लोगों की कोरोना टेस्टिंग की जा रही है, उनमें से हर तीसरा शख्स पॉजिटिव मिल रहा है।

शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई में कोरोना से 6 लोगों की मौत हुई। इस तरह शहर में कोरोना के सक्रिय मामले 91731 हो गए हैं। जबकि शुक्रवार के दिन 8,490 मरीज ठीक हुए। 

बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना के तेजी से बढ़ रहे आंकड़े डराने वाले हैं, लेकिन राहत की बात यही है कि अस्पताल में भर्ती होने वाले लोगों की संख्या अब भी कम है। यही वजह है कि सरकार बहुत ज्यादा पाबंदियां लगाने पर विचार नहीं कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा, 'लोकल ट्रेनों को बंद करने पर फिलहाल कोई विचार नहीं चल रहा है। इसके अलावा एक से दूसरे जिले में जाने को लेकर भी कोई पाबंदी लगाने पर विचार नहीं चल रहा है।'

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER