नई दिल्ली। कोरोना वायरस (Coronavirus) के बढ़ते संक्रमण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi ) ने माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक और गेट्स फाउंडेशन के प्रमुख बिल गेट्स (Bill gates) से बातचीत की है। ये लंबी बातचीत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई। पीएम मोदी ने इस दौरान कोरोना से लड़ने के लिए उनके सुझाव भी मांगे। साथ ही उन्हें ये भी बताया कि भारत कैसे कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहा है। इसके अलावा कोरोना के वैक्सीन पर भी बातचीत हुई।
दोनों ने सहयोग की बात की
वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के सह अध्यक्ष बिल गेट्स ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि वैश्विक प्रयासों में योगदान करने की भारत की इच्छा और क्षमता को देखते हुए, ये महत्वपूर्ण है कि महामारी को लेकर प्रतिक्रिया के समन्वय के लिए वैश्विक चर्चा में नयी दिल्ली को शामिल किया जाए। मोदी ने स्वास्थ्य संकट के खिलाफ लड़ाई में भारत द्वारा अपनाए गए सचेत दृष्टिकोण को भी रेखांकित किया।
वैक्सीन तैयार करने पर भी हुई चर्चा
प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, 'बिल गेट्स के साथ विस्तार से बातचीत की। हमने कोरोना वायरस से लड़ने में भारत के प्रयास से लेकर, कोविड-19 से निपटने में गेट्स फाउंडेशन के काम, प्रौद्योगिकी, नवाचार की भूमिका और बीमारी के इलाज के लिए टीके के उत्पादन तक के मुद्दों पर चर्चा की। '
Had an extensive interaction with @BillGates. We discussed issues ranging from India’s efforts to fight Coronavirus, work of the @gatesfoundation in battling COVID-19, role of technology, innovation and producing a vaccine to cure the pandemic. https://t.co/UlxEq72i3L
— Narendra Modi (@narendramodi) May 14, 2020
पीएम ने बताया कोरोना से कैसे लड़ रहा है भारत
सरकारी बयान में कहा गया कि भारत का दृष्टिकोण उचित संदेश के माध्यम से लोगों को शामिल करने पर आधारित है। मोदी ने बताया कि कैसे जन केंद्रित दृष्टिकोण ने भौतिक दूरी को स्वीकार करने, अग्रिम मोर्चे पर काम कर रहे कर्मियों के लिए सम्मान, मास्क लगाना, उचित स्वच्छता रखना और लॉकडाउन के प्रावधानों का आदर कराने में मदद की।
काम आए पिछले कदम
प्रधानमंत्री ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि सरकार की पिछली विकास संबंधी कुछ पहल जैसे कि वित्तीय समावेशन का विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं की अंतिम पायदान तक आपूर्ति को मजबूत करना, स्वच्छता को लोकप्रिय बनाना, लोगों की प्रतिरक्षा बढ़ाने के लिए भारत के आयुर्वेदिक ज्ञान के इस्तेमाल ने महामारी के खिलाफ भारत की प्रतिक्रिया की प्रभावशीलता को बढ़ाने में मदद की।
पीएम ने की तारीफ
मोदी ने गेट्स फाउंडेशन द्वारा भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के अन्य हिस्सों में किए जा रहे स्वास्थ्य संबंधी कार्यों की सराहना की, जिसमें कोविड-19 के खिलाफ वैश्विक प्रतिक्रिया का समन्वय शामिल है।
