देश / पीएम मोदी के जन्मदिन पर राष्ट्रपति और उप-राष्ट्रपति ने उन्हें दी शुभकामनाएं

Zoom News : Sep 17, 2021, 12:13 PM
नई दिल्ली: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) का आज 71वां जन्मदिन है। इस मौके पर उन्हें देश और दुनिया से बधाई भरे संदेश मिल रहे हैं। राजनीतिक दलों से लेकर सामाजिक संगठनों द्वारा उन्हें शुभकामनाएं दी जा रही हैं।

पीम मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 में गुजरात में हुआ था। मोदी कम उम्र में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में शामिल हो गए थे। बाद में वो BJP से जुड़े। साल 2001 में उन्होंने गुजरात में सीएम की कुर्सी संभाली और उनके नेतृत्व में तीन बार लगातार वहां BJP की सरकार बनी। उन्होंने कभी चुनावी हार का सामना नहीं किया। उनके नेतृत्व में भाजपा ने 2014 और 2019 को लोकसभा चुनाव भी जीता।

पीएम मोदी के जन्म दिन के मौके पर BJP आज से अगले 20 दिनों तक सेवा और समर्पण अभियान चलाएगी। वहीं इसके विरोध में यूथ कांग्रेस बेरोजगारी दिवस मनाएगी। पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर आज सरकार की ओर से दो करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाने का भी लक्ष्य रखा गया है।

सोशल मीडिया पर लोग बधाई और शुभकामना दे रहे हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू, राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत विपक्षी दलों के नेता भी उन्हें सोशल मीडिया पर बधाई दे रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शुभकामनाएं दी। रामनाथ कोविंद ने उनके बेहतर स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।

वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट करके कहा, देश के सर्वप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं। मोदी जी ने न सिर्फ देश को समय से आगे सोचने और परिश्रम की पराकाष्ठा से संकल्प को सिद्ध करने की सोच दी बल्कि उसको चरितार्थ करके भी दिखाया है।

पीएम मोदी के धुर राजनीतिक विरोधी कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि मोदी जी को जन्म दिन की हार्दिक शुभकामनाएं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER