पंजाब / पंजाब सबसे अधिक कर्ज़दार राज्य, असल मुद्दों से नहीं भटके राज्य सरकार: सिद्धू

Zoom News : Nov 16, 2021, 08:19 AM
चंडीगढ़: कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने सोमवार को पंजाब को देश का सबसे अधिक कर्जदार राज्य बताते हुए जोर दिया कि टैक्स से मिलने वाले राजस्व का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए नहीं बल्कि विकास के रूप में लोगों को वापस मिलना चाहिए। पंजाब कांग्रेस चीफ ने कहा कि उधार लेना समाधान नहीं है। राज्य का आधा खर्च महंगे लोन से चल रहा है। 

एक के बाद एक कई ट्वीट्स में सिद्धू ने कहा, ''उधार लेना आगे का रास्ता नहीं है। टैक्स का इस्तेमाल कर्ज चुकाने में नहीं होना चाहिए, बल्कि यह विकास के रूप में लोगों के पास वापस जाना चाहिए। समाधान का रास्ता यह है कि राज्य के संसाधनों की चोरी बंद हो, सरकारी खजाने को भरा जाए और आय उपार्जन से कल्याणकारी राज्य बनाया जाए।''

पूर्व क्रिकेटर ने कहा, ''आज पंजाब देश का सबसे अधिक कर्ज वाला राज्य है। राज्य की जीडीपी के 50 फीसदी के बराबर कर्ज है। हमें असली मुद्दों से नहीं भटकना है, जिसके लिए हर पंजाबी और पार्टी कार्यकर्ता समाधान मांग रहे हैं, क्योंकि पंजाब 2022 के बाद भी रहेगा। हकीकत पंजाब दी।'' उन्होंने कहा कि वित्तीय जवाबदेही और पारदर्शिता पंजाब मॉडल के स्तंभ हैं।

सिद्धू ने एक और ट्वीट में कहा, ''जवाबदेही की मांग है कि हर योजना के लिए फंड के स्रोत का खुलासा किया जाए, आमदनी से चलेगी या और अधिक कर्ज से। पारदर्शिता की मांग हर महीने राज्य के वित्तीय हालत को सार्वजनिक करना है।'' राज्य का कर्ज अगले साल मार्च अंत तक 2.73 लाख करोड़ रुपए हो जाएगा।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER