Politics News / 'शुभंकर' हैं भाजपा के लिए राहुल गांधी, विपक्षी नेता के लिए ऐसा क्यों बोले कैलाश विजयवर्गीय?

Zoom News : Mar 07, 2024, 12:15 PM
Politics News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस वक्त देश के विभिन्न राज्यों में भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। इस वक्त उनकी न्याय यात्रा मध्य प्रदेश में है और कई जगहों पर सभाएं भी आयोजित की जा रही हैं। इस बीच भाजपा के दिग्गज नेता और मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल को लेकर अनोखा बयान जारी किया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भाजपा के लिए शुभंकर हैं। आइए जानते हैं कि कैलाश विजयवर्गीय ने ऐसा बयान क्यों दिया है। 

राहुल गांधी शुभांकर हैं- विजयवर्गीय

मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री और भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा- "पता नहीं क्यों कभी कभी होता है कि एक व्यक्ति शुभांकर होता है। राहुल गांधी भी भारतीय जनता पार्टी के लिए बड़े शुभांकर हैं। वह जितना घूमेंगे भाजपा की उतनी ही बड़ी जीत होगी।"

लाल बहादुर शास्त्री और पीएम मोदी में समानता

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि उन्हें लाल बहादुर शास्त्री और पीएम मोदी में समानता दिखती है। उन्होंने कहा- "मैंने लाल बहादुर शास्त्री के जीवन का अध्ययन किया है, और मैं नरेंद्र मोदी के जीवन का साक्षी हूं। मुझे कुछ समानताएं नजर आती हैं। दोनों ने गरीबी का अनुभव किया है, और दोनों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी है और महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित किया है।"

राहुल गांधी की यात्रा आज राजस्थान जाएगी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बृहस्पतिवार को राजस्थान में प्रवेश करेगी। पार्टी के एक नेता ने बताया कि यात्रा के कार्यक्रम में बदलाव करते हुए यह बुधवार शाम के बजाय बृहस्पतिवार को राजस्थान में प्रवेश करेगी। आदिवासी बहुल धार जिले के बदनावर शहर में जनसभा को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि जाति जनगणना ‘‘हरित क्रांति और श्वेत क्रांति जितना बड़ा’’ एक क्रांतिकारी कदम होगा। गांधी ने कहा कि जाति आधारित जनगणना एक क्रांतिकारी कदम है। जैसे ही हम केंद्र में सत्ता में आएंगे, हम यह काम करेंगे। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER