आजादी के समय 1 डॉलर की कीमत 4 रुपये थी या 1? जानिए असली गणित

15 अगस्त 1947 को रुपया और डॉलर की वैल्यू को लेकर फैले भ्रम और ऐतिहासिक आंकड़ों के आधार पर रुपये की गिरावट के सफर का विस्तृत विश्लेषण।

15 अगस्त 1947 के दिन रुपया और डॉलर की वैल्यू बराबर थी या नहीं इसको लेकर काफी भ्रम की स्थिति बनी रहती है। वैसे उस समय भारतीय रुपये की वैल्यू डॉलर से नहीं बल्कि पाउंड से तय होती थी। तब पाउंड की वैल्यू डॉलर के मुकाबले में काफी ज्यादा हुआ करती थी। बीते काफी दिनों से डॉलर के मुकाबले में रुपये में काफी गिरावट देखने को मिल चुकी है। खास बात तो ये है कि पिछले साल 15 अगस्त 2025 से अब तक रुपये में डॉलर के मुकाबले में 10 फीसदी की गिरावट देखी जा चुकी है। जिसकी वजह से एक डॉलर की कीमत 95 रुपये 50 पैसे के आसपास बनी हुई है। यह कीमत कुछ महीने पहले 97 रुपये के करीब पहुंच गई थी। क्या आपको जानकारी है कि जिस 15 अगस्त 1947 को देश आजाद हुआ था, तब एक डॉलर की वैल्यू भारतीय रुपये में कितनी थी?

1947 का असली गणित और 4 रुपये का आंकड़ा

वैसे आम धारणा की बात करें तो उस समय एक रुपया और 1 डॉलर बराबर होने की बात कही जाती है। लेकिन सवाल यही है कि उस दिन क्या सच में 1 डॉलर की कीमत 1 रुपया थी या फिर 4 रुपये? सोशल मीडिया पर अक्सर दावों का दौर चलता है, लेकिन इतिहास और अर्थशास्त्र का गणित कुछ और ही कहानी बयां करता है। स्वतंत्रता दिवस के आसपास भारतीय रुपये की ऐतिहासिक चाल और उसके मूल्य को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो जाती हैं। एक आम मिथक यह है कि 1947 में भारत की आजादी के वक्त भारतीय रुपया और अमेरिकी डॉलर बिल्कुल एक बराबर थे। वहीं, कई वित्तीय विशेषज्ञ और ऐतिहासिक आंकड़े बताते हैं कि 15 अगस्त 1947 को 1 डॉलर की कीमत लगभग 4 रुपये के आसपास थी।

1947 में कैसे होती थी करेंसी की कैलकुलेशन?

आज की तरह 1947 में भारतीय रुपये का एक्सचेंज रेट बाजार की मांग और सप्लाई से तय नहीं होता था। तब भारत लंबे समय तक ब्रिटिश शासन के अधीन रहा था, इसलिए भारतीय करेंसी पाउंड स्टर्लिंग के साथ जुड़ी हुई थी। ऐसे में आजादी के समय तय नियम के मुताबिक 1 पाउंड स्टर्लिंग 13 रुपये 33 पैसे था। दूसरी तरफ, द्वितीय विश्व युद्ध के बाद लागू हुए ब्रेटन वुड्स समझौते के तहत इंटरनेशनल मार्केट में पाउंड और डॉलर की दर 4 अमेरिकी डॉलर 3 पैसे थी। इसी फॉर्मूले और कैलकुलेशन के तहत एक डॉलर की वैल्यू 4 रुपये के आसपास बैठती थी। यह त्रिकोणीय विनिमय दर ही उस समय की असली हकीकत थी।

कहां से आया डॉलर और रुपया बराबर वाला भ्रम?

सोशल मीडिया और कई बहसों में यह दावा किया जाता है कि 1947 में एक डॉलर की वैल्यू एक रुपये के बराबर थी। यह भ्रम मुख्य रूप से दो कारणों से पैदा हुआ। पहला कारण यह था कि 1947 में भारत सरकार के बही-खातों पर कोई बड़ा बाहरी कर्ज नहीं था। बल्कि ब्रिटेन पर भारत का स्टर्लिंग बैलेंस बकाया था, जो द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान भारत द्वारा दी गई सेवाओं का बकाया था। वहीं दूसरा कारण यह था कि आजादी के समय भारत का कोई स्वतंत्र विदेशी मुद्रा बाजार या डॉलर इंडेक्स से सीधा लिंक नहीं था। चूंकि कोई औपचारिक डॉलर बैलेंस शीट नहीं थी, इसलिए लोगों ने यह मान लिया कि दोनों करेंसीज बराबर थीं, जबकि वास्तविकता में ऐसा नहीं था।

4 रुपये के स्तर से अब तक गिरावट का सफर

रुपये में पहली बड़ी गिरावट 1949 में देखने को मिली थी। जब ब्रिटेन ने आर्थिक सुस्ती के कारण पाउंड का मूल्य घटाया, तो भारत को भी अपने निर्यात को प्रतिस्पर्धी बनाए रखने के लिए रुपये की दर घटाकर 1 डॉलर के मुकाबले में 4 रुपये 76 पैसे करनी पड़ी। इसके बाद 1962 और 1965 के बीच भारत को दो बड़े युद्ध लड़ने पड़े। पहले चीन के साथ और उसके बाद 1965 में पाकिस्तान के साथ युद्ध हुआ। साथ ही उसी दौरान देश को भीषण सूखे का भी सामना करना पड़ा, जिसकी वजह से देश की इकोनॉमी को काफी नुकसान उठाना पड़ा। 1966 में तत्कालीन सरकार को रुपये का 57% तक अवमूल्यन करना पड़ा और एक डॉलर के मुकाबले रुपया 7 रुपये 50 पैसे पर आ गया।

1991 का संकट और मार्केट ड्रिवन रुपया

1991 का आर्थिक संकट भारतीय इतिहास का एक महत्वपूर्ण मोड़ था, जब देश के पास केवल 2 हफ्ते के आयात का विदेशी मुद्रा भंडार बचा था। रिजर्व बैंक और सरकार ने रुपये का लगभग 18 से 20 फीसदी अवमूल्यन किया और 1993 में रुपये को मार्केट-ड्रिवन यानी फ्लोटिंग रेट बना दिया। तब एक डॉलर की वैल्यू 24 रुपये 50 पैसे के पार चली गई थी। 2000 के दशक तक पहुंचते-पहुंचते भारतीय करेंसी में और बड़ी गिरावट देखने को मिली। देश में कच्चे तेल का आयात काफी बढ़ गया था, जिसका भुगतान डॉलर में करना पड़ता था। इसकी वजह से डॉलर की डिमांड लगातार बनी रही और एक डॉलर के मुकाबले रुपया 48 के लेवल पर आ गया।

मौजूदा वैश्विक हालात और रुपये की स्थिति

मौजूदा समय में डॉलर की वैल्यू 95 रुपये के पार पहुंच गई है। इसकी सबसे बड़ी वजह ईरान और यूएस के बीच चल रहा तनाव है। होर्मुज स्ट्रेट में आने वाली बाधाओं की वजह से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल देखने को मिला है। वहीं दूसरी ओर जब से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ वॉर शुरू किया है, उसके बाद डॉलर के मुकाबले में रुपया लगातार गिर रहा है। बीते एक साल में रुपये में डॉलर के मुकाबले में करीब 10 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। पिछले साल 15 अगस्त 2025 को एक डॉलर के मुकाबले रुपया 87 रुपये के आसपास था, जो अब 95 रुपये 50 पैसे के लेवल पर दिखाई दे रहा है। आजादी के वक्त भारत की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि-आधारित थी, लेकिन आज भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती आर्थिक ताकतों में से एक बन चुकी है।