नई दिल्ली: ओलंपिक रजत पदक विजेता मीराबाई चानू ने हाल ही में सलमान खान से मुलाकात की है. बॉलीवुड स्टार सलमान खान ने मीराबाई चानू से मुलाकात की तस्वीर बुधवार रात अपने ट्विटर प्रोफाइल पर शेयर की है. सलमान खान ने टोक्यो ओलंपिक से रजत पदक के साथ लौटने पर मीराबाई चानू को बधाई दी. तस्वीर के कैप्शन में सलमान खान ने लिखा, 'हैप्पी फॉर यू सिल्वर मेडलिस्ट मीराबाई चानू.'' उन्होंने आगे लिखा "आपसे प्यारी मुलाकात...शुभकामनाएं हमेशा."
Thank you so much @BeingSalmanKhan sir. I am a big fan of you and it was like a dream come true for me. https://t.co/CjGEA5fCEU
— Saikhom Mirabai Chanu (@mirabai_chanu) August 11, 2021
सलमान खान के ट्वीट पर मीराबाई चानू ने भी प्रतिक्रिया दी है, उन्होंने लिखा: "बहुत-बहुत धन्यवाद सलमान खान सर. मैं आपकी बहुत बड़ी फैन हूं और यह मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा था." मीराबाई चानू टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय थीं. उन्होंने कुल 202 किग्रा (87 किग्रा + 115 किग्रा) उठाकर महिलाओं के 49 किग्रा वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया.
सलमान खान के काम के बारे में बात करें तो, उन्हें आखिरी बार फिल्म राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई में देखा गया था, जिसे दर्शकों के साथ-साथ फिल्म समीक्षकों से काफी हद तक नकारात्मक समीक्षा मिली. दिशा पटानी, रणदीप हुड्डा और जैकी श्रॉफ ने भी इस फिल्म में अभिनय किया है. बता दें कि सलमान खान प्रभुदेवा के साथ यह तीसरी फिल्म थी. इससे पहले सलमान, प्रभुदेवा के साथ वांटेड और दबंग 3 में काम कर चुके हैं. सलमान खान की आने वाली फिल्म किक-2 हैं. फिल्म में जैकलीन फर्नांडीज भी सलमान के साथ दिखाई देंगी.
