बॉलीवुड / शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ का टीजर रिलीज, दिखा धांसू एक्शन अवतार

Zoom News : Jun 03, 2022, 03:33 PM
बॉलीवुड | शाहरुख खान के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बीते दिन से उनकी आने वाली फिल्म को लेकर बज बना हुआ था। कयास लगाए जा रहे थे कि निर्देशक एटली की आने वाली फिल्म का आधिकारिक ऐलान हो सकता है। शाहरुख के प्रशंसकों के लिए यह किसी तोहफे से कम नहीं है। फिल्म का नाम ‘जवान’ है। ना केवल इसका ऐलान किया गया बल्कि टीजर रिलीज कर दिया गया है। जारी किए गए वीडियो में शाहरुख खान की भी झलक दिखाई गई है जिसमें वो एक्शन पैक्ड अवतार में नजर आ रहे हैं। यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ भाषा में आएगी। इसकी रिलीज डेट भी आ गई है।

जबरदस्त है टीजर

वीडियो में शाहरुख किसी पुरानी जगह पर होते हैं जो कि हथियारों से भरा पड़ा है। वह अपने चेहरे को कपड़े के टुकड़े से पट्टी की तरह बांधते हैं। उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। उनकी एक आंख ढकी होती है। कैमरा क्लोज आने पर शाहरुख हंसते हैं और कहते हैं, ‘रेडी?’ टीजर में कभी उनके हाथ में बंदूक है तो कभी चाकू होता है। कभी शाहरुख हथियारों से भरे बैग की चेन को बंद करते हैं।

शाहरुख ने शेयर किया टीजर

टीजर को शेयर करते हुए शाहरुख ने कैप्शन में लिखा, ‘एक्शन पैक्ड 2023, जवान आपके लिए ला रहे। एक धमाकेदार मनोरंजन 2 जून 2023 को। हिंदी, तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ में।‘ फिल्म को गौरी खान ने प्रोड्यूस किया है। 

क्या है रोल

टीजर देखकर साफ है कि शाहरुख एक ग्रैंड कमबैक करने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ पहली बार साउथ की एक्ट्रेस नयनतारा नजर आएंगी। ‘जवान’ में सान्या मल्होत्रा की भी अहम भूमिका है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म में शाहरुख डबल रोल करने वाले हैं। शाहरुख का पहला किरदार एक रॉ ऑफिसर है जो एक पिता है और उसका बेटा गैंगस्टर है। वह भी शाहरुख बने हैं। नयनतारा एक  जांच अधिकारी होती हैं।

आने वाली फिल्में

शाहरुख की बैक टू बैक 3 फिल्में आने वाली हैं। हाल ही उन्होंने राजकुमार हिरानी के साथ ‘डंकी‘ का ऐलान किया था। उससे पहले ‘पठान’ का भी टीजर आ चुका है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER