IND vs NZ / शुभमन गिल ने लगाया दोहरा शतक, तोड़ा ईशान का रिकॉर्ड, पूरे स्टाइल में रचा इतिहास

Zoom News : Jan 18, 2023, 05:46 PM
IND vs NZ: शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने वनडे करियर का तीसरा शतक लगाया और देखते ही देखते उसे दोहरे शतक में बदल दिया। गिल ने हैदराबाद में जबरदस्त पारी खेली और वनडे इतिहास का 10वां दोहरा शतक लगा दिया। यह किसी भारतीय क्रिकेटर की ओर से आया सातवां दोहरा शतक है। उन्होंने दोहरे शतक के आंकड़े को बड़े स्टाइल में छुआ। गिल ने लगातार तीन छक्के लगाए और इतिहास में अपना नाम दर्ज करवा लिया।

शुभमन गिल की डबल सेंचुरी के दम पर भारत ने पहले वनडे में न्यूजीलैंड को 350 रनों का टारगेट दिया है। टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 349 रन बनाए।

शुभमन गिल ने तोड़ा ईशान का रिकॉर्ड

सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल इस मैच में जब बल्लेबाजी करने के लिए उतरे तब उनकी उम्र 23 साल 132 दिन थी। यानी उम्र के इस पड़ाव पर दोहरा शतक लगाकर वह सबसे कम उम्र में इस माइलस्टोन को छूने वाले बल्लेबाज बन गए। गिल ने इस कमाल की पारी के बदौलत ईशान किशन के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया जिन्होंने 10 दिसंबर 2022 को बांग्लादेश के खिलाफ डबल सेंचुरी लगाई थी। ईशान ने चट्टोग्राम में ये दोहरा शतक 24 साल 145 दिन की उम्र में ठोककर सबसे कम उम्र में इस मील के पत्थर को पार करने का कीर्तिमान बनाया था। इससे पहले ये रिकॉर्ड मौजूदा भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के नाम था जिन्होंने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 26 साल 186 दिन की उम्र में दोहरा शतक लगाया था।  

गिल ने अपने वनडे करियर की बेस्ट पारी खेली। वे 50वें ओवर में 149 गेंदों में 208 रन बनाकर आउट हुई। वे वनडे में दोहरा शतक जमाने वाले 5वें भारतीय खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले रोहित शर्मा, ईशान किशन, वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर ही ऐसा कर सके हैं। दुनिया भर के बल्लेबाजों की बात करें तो वनडे में 10वीं बार दोहरा शतक आया है। इनमें सबसे ज्यादा 5 दोहरे शतक भारतीय बल्लेबाजों ने जमाए हैं। गिल ने हार्दिक पंड्या (28 रन), सूर्यकुमार यादव (31 रन) और रोहित शर्मा के साथ अर्धशतकीय साझेदारियां कीं। गिल ने पंड्या के साथ 5वें विकेट के लिए 74, सूर्या के साथ चौथे विकेट के लिए 65 रन और रोहित के साथ पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER