टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले स्मृति मंधाना की खराब फॉर्म ने बढ़ाई भारत की चिंता

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शुरू होने से पहले भारतीय उपकप्तान स्मृति मंधाना की खराब फॉर्म टीम इंडिया के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। इंग्लैंड दौरे और वॉर्म-अप मैचों में उनके निराशाजनक प्रदर्शन ने पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले पहले मैच से पहले चिंताएं बढ़ा दी हैं।

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से ठीक पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए एक बड़ी चिंता सामने आई है। टीम की उपकप्तान और स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना की मौजूदा फॉर्म ने भारतीय खेमे और फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं और टूर्नामेंट में भारत को अपना पहला मुकाबला चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है, लेकिन इससे पहले मंधाना का बल्ला पूरी तरह खामोश नजर आ रहा है। इंग्लैंड के दौरे से लेकर वॉर्म-अप मैचों तक, स्मृति मंधाना एक-एक रन के लिए संघर्ष करती दिखी हैं, जो टीम इंडिया के लिए खतरे की घंटी बना हुआ है।

इंग्लैंड में स्मृति मंधाना का निराशाजनक प्रदर्शन

टूर्नामेंट की तैयारियों के लिहाज से भारतीय टीम काफी पहले इंग्लैंड पहुंच गई थी, ताकि वहां की परिस्थितियों में खुद को ढाल सके। लेकिन मंधाना के लिए यह दौरा किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। ईसीबी डेवलपमेंट महिला XI के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मंधाना ने 10 गेंदों में 21 रनों की एक तेज पारी खेली थी, जिससे लगा कि वह अच्छी लय में हैं। लेकिन इसके बाद उनकी फॉर्म का ग्राफ तेजी से नीचे गिरा और वह बड़े स्कोर बनाने में नाकाम रहीं।

इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई 3 मैचों की टी20 सीरीज के पहले ही मैच में वह खाता खोले बिना यानी 0 पर पवेलियन लौट गईं। दूसरे मैच में उन्होंने 32 रन बनाकर वापसी की उम्मीद जरूर जगाई थी, लेकिन तीसरे और आखिरी टी20 में वह फिर से फ्लॉप रहीं और सिर्फ 8 रन ही बना सकीं। इन आंकड़ों से साफ है कि मंधाना को इंग्लैंड की पिचों पर तालमेल बिठाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

वॉर्म-अप मैचों में भी जारी रहा संघर्ष

सीरीज के बाद वर्ल्ड कप के पहले ऑफिशियल वॉर्म-अप मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने 39 रन बनाए, जो इस पूरे दौरे पर उनका अब तक का बेस्ट स्कोर रहा। हालांकि, इस पारी के बाद भी वह अपनी लय बरकरार नहीं रख पाईं। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे वॉर्म-अप मैच में वह फिर से विफल रहीं और सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गईं। 0 से शुरू हुआ उनका यह सफर 1 रन पर आकर सिमट गया है, जो भारतीय टीम के लिए विश्व कप से पहले सबसे बड़ी सिरदर्दी बन गया है।

टीम इंडिया के लिए क्यों है यह चिंता का विषय?

स्मृति मंधाना भारतीय बल्लेबाजी क्रम की रीढ़ मानी जाती हैं और पावरप्ले में टीम को आक्रामक और मजबूत शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर होती है। मंधाना के बल्ले से एक भी अर्धशतक न निकलना यह साफ करता है कि वह क्रीज पर समय बिताने के बावजूद उसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पा रही हैं और अगर मंधाना की यह खराब फॉर्म पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महामुकाबले में भी जारी रहती है, तो भारतीय टीम का मध्यक्रम दबाव में आ सकता है। भारतीय टीम को टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए अपनी इस स्टार खिलाड़ी के फॉर्म में लौटने की सख्त जरूरत है।