Namaste Trump | अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तय समय से आधा घंटे पहले आगरा पहुंच गए। खेरिया एयरपोर्ट पर ट्रंप का स्वागत उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस दौरान आगरा के महापौर नवीन जैन भी मौजूद रहे।
डोनाल्ड ट्रंप का एयरफोर्स वन खेरिया एयरपोर्ट पर करीब 4.15 बजे उतरा। यहां पहुंचने का प्रस्तावित वक्त 4.45 बजे था। ट्रंप के साथ उनकी पत्नी मेलानिया, इवांका भी आई हैं। ट्रंप की अगवानी के लिए राज्यपाल और मुख्यमंत्री यहां पहले से ही पहुंच चुके थे।
#WATCH US President Donald Trump and First Lady Melania Trump received by UP Governor Anandiben Patel and Chief Minister Yogi Adityanath in Agra. pic.twitter.com/eUJYtY1nIv
— ANI (@ANI) February 24, 2020
एयरपोर्ट पर विमान से उतरने के बाद उनके स्वागत के लिए मयूर नृत्य का कार्यक्रम हुआ। मयूर नृत्य देखकर अमेरिका के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी मंत्रमुग्ध हो गए। राष्ट्रपति ने कलाकारों के लिए वेलडन का साइन बनाया और गुड, ग्रेट बोला। इस दौरान उनकी बेटी इवांका भी ताली बजाती रहीं।
डोनाल्ड ट्रंप पत्नी मेलानिया सहित ताजमहल के दीदार के लिए रवाना हो गए। अभूतपूर्व सुरक्षा के बीच उनके अद्भुत स्वागत किया जा रहा है। एयरपोर्ट से ताजमहल तक के 15 किमी रूट पर 3000 कलाकार उन्हें ब्रज और भारत की संस्कृति से रूबरू करा रहे हैं।
हाथों में तिरंगे और अमेरिकी झंडे लिए दो हजार स्कूली बच्चे उन्हें देखते ही ब्रज के अंदाज में कहेंगे, राधे राधे मिस्टर प्रेसिडेंट...ताज की नगरी में आपका स्वागत है। खेरिया से ताजमहल तक के रास्ते पर एक हजार होर्डिंग लगाए गए हैं। प्रत्येक में मोदी और ट्रंप की दोस्ती की इबारत है।
एयरपोर्ट से निकलकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का काफिला होटल अमर विलास में पहुंचा। यहां से गोल्फ कार्ट में ताजमहल देखने के लिए वे रवाना होंगे। सूर्य अस्त से पहले राष्ट्रपति ट्रंप ताजमहल देखेंगे जो बहुत ही लुभावना दृश्य होगा।
