IND vs ENG: क्या पहले टी20 में होगा वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू? इंस्टाग्राम पोस्ट ने मचाई हलचल

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के इंस्टाग्राम पोस्ट ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में उनके डेब्यू की चर्चा तेज कर दी है, जिससे फैंस में भारी उत्साह है।

भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर क्रिकेट जगत में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इस उत्साह के केंद्र में 15 साल के युवा बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी हैं। आयरलैंड दौरे के दौरान टीम का हिस्सा होने के बावजूद उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था, लेकिन अब बुधवार 1 जुलाई को चेस्टर-ले-स्ट्रीट में होने वाले मुकाबले को लेकर प्रशंसकों और विशेषज्ञों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। अगर वैभव इस मैच में अपना डेब्यू करते हैं, तो वह भारतीय क्रिकेट इतिहास में सबसे कम उम्र के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बनकर एक नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

इंस्टाग्राम पोस्ट ने बढ़ाई फैंस की धड़कनें

हालांकि टीम प्रबंधन ने प्लेइंग इलेवन को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन खुद वैभव सूर्यवंशी की एक हालिया सोशल मीडिया गतिविधि ने चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। मंगलवार 30 जून को इस युवा ओपनर ने इंस्टाग्राम पर अपने मौजूदा इंग्लैंड दौरे की कुछ तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने कैप्शन में 'ग्रेटफुल' लिखा और साथ ही एक 'रेत घड़ी' यानी ऑवरग्लास वाला इमोजी भी लगाया। सोशल मीडिया की भाषा में इस इमोजी का इस्तेमाल अक्सर तब किया जाता है जब कुछ बड़ा होने वाला हो या इंतजार खत्म होने वाला हो। इसी वजह से फैंस यह कयास लगा रहे हैं कि 15 साल के इस खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के लिए हरी झंडी मिल गई है।

आयरलैंड दौरे की निराशा और टीम पर दबाव

वैभव को मौका देने की मांग आयरलैंड दौरे के बाद और तेज हो गई है। 15 साल के इस युवा ओपनर को पहली बार टीम इंडिया में चुना गया था और माना जा रहा था कि आईपीएल 2026 में 776 रन बनाने के बाद उन्हें आयरलैंड के खिलाफ मौका मिलेगा। लेकिन वह दोनों टी20 मैचों में बेंच पर ही बैठे रहे। टीम मैनेजमेंट के इस फैसले की काफी आलोचना हुई, खासकर तब जब भारतीय टीम ये दोनों ही मैच हार गई। इसके बाद से ही वैभव को इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच से ही मौका दिए जाने की मांग सोशल मीडिया पर जोर पकड़ रही है।

कप्तान श्रेयस अय्यर का बयान और फैंस की नाराजगी

मैच से एक दिन पहले मंगलवार 30 जून को भारतीय टीम की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी यही मुद्दा छाया रहा। कप्तान श्रेयस अय्यर से जब वैभव के डेब्यू के बारे में पूछा गया, तो उनके जवाबों से ऐसा लगा कि शायद वैभव को फिर से इंतजार करना पड़ सकता है और अय्यर के बयानों की वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिससे कई फैंस नाराज नजर आए और उन्होंने कप्तान से लेकर कोच और मैनेजमेंट पर अपनी भड़ास निकाली। हालांकि, वैभव खेलेंगे या नहीं, इसका असली पता तो बुधवार 1 जुलाई को मैच से आधा घंटा पहले टॉस के समय ही चलेगा। भारतीय क्रिकेट में आमतौर पर मैच से एक दिन पहले डेब्यू का ऐलान नहीं किया जाता है, इसलिए अय्यर की चुप्पी स्वाभाविक हो सकती है और लेकिन आईपीएल 2026 में उनके 776 रन के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का दबाव प्रबंधन पर साफ दिख रहा है।