IND vs ENG | भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन में जारी पांचवें टेस्ट के तीसरे दिन भारत मैच में मजबूत स्थिति में है। भारत ने अपनी पहली पारी में ऋषभ पंत और रविंद्र जडेजा के शतकों की बदौलत 416 रन बनाए थे। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम ने मैच के दूसरे दिन ही अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। तीसरे दिन 84/5 के स्कोर से आगे बढ़ते हुए इंग्लैंड की टीम ने अच्छी शुरुआत की। लेकिन जॉनी बेयरस्टो और बेन स्टोक्स के बीच साझेदारी बनते देख भारत के पूर्व कप्तान से रहा नहीं गया और उन्होंने बेयरस्टो के खिलाफ स्लेजिंग करना शुरू कर दिया।
इंग्लैंड की पारी के 32वें ओवर में विराट कोहली और जॉनी बेयरस्टो के बीच काफी तीखी नोकझोक देखने को मिली। विराट कोहली बेयरस्टो को चुप रहने का इशारा कर रहे थे, तो वही बेयरस्टो भी चुप नहीं रहे और अपनी बात रखते हुए दिखाई दिए।
Virat Kohli - brand ambassador of Test cricket! pic.twitter.com/gDmSOsmPWT
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) July 3, 2022
कोहली और बेयरस्टो के बीच माहौल गर्म होता देख अंपायर और इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स बीच में आए और दोनों से शांत रहने को कहा। हालांकि कुछ ओवरों के बाद दोनों खिलाड़ी हंसते हुए नजर आए। लेकिन इन सबके बीच जॉनी बेयरस्टो जोकि न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुए सीरीज में शानदार फॉर्म में थे। एक बार फिर भारत के खिलाफ भी वह लय हासिल करते हुए नजर आए। दरअसल वह भारत के खिलाफ पारी की शुरुआत में रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। लेकिन कोहली के साथ हुई बहस के बाद वह आक्रामक अंदाज में खेल रहे हैं।
इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने चार पारियों में दो शतक और नाबाद 71 रन की पारी के साथ कुल 377 रन बनाए थे। भारत के खिलाफ जारी पांचवें टेस्ट मैच में भी उन्होंने अर्धशतक जड़ दिया है। इंग्लैंड ने तीसरे दिन के खेल में कप्तान बेन स्टोक्स के रूप में एक विकेट गंवाया है। वह 36 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए।
