अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में आयोजित प्रतिष्ठित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर (White House Correspondents’ Dinner) के दौरान शनिवार रात अचानक फायरिंग की घटना हुई। इस घटना से पूरे कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। जिस समय गोलीबारी हुई, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कार्यक्रम में मौजूद थे। सुरक्षा की दृष्टि से उन्हें तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। यह घटना वाशिंगटन के हिल्टन होटल में हुई, जिसने राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के समय होटल में करीब 2600 से ज्यादा मेहमान मौजूद थे।
राष्ट्रपति और वीवीआईपी मेहमानों की सुरक्षा
फायरिंग की आवाज सुनते ही सीक्रेट सर्विस के जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और सुरक्षा बलों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मंच से नीचे उतारा और उन्हें मेज के नीचे छिपा दिया, जिसके बाद उन्हें वहां से सुरक्षित बाहर निकाला गया। होटल में ट्रंप के साथ उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस भी मौजूद थे। घटना के बाद सामने आए वीडियो में फायरिंग की 4 से 5 राउंड आवाजें सुनाई दे रही हैं और भीड़ में मची भगदड़ को साफ देखा जा सकता है। गनीमत यह रही कि इस पूरी घटना में कोई भी व्यक्ति जख्मी नहीं हुआ और सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का विवरण और भगदड़ का माहौल
जैसे ही हॉल में फायरिंग हुई, वहां मौजूद 2600 मेहमानों में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए टेबल के नीचे छिप गए। होटल के कर्मचारी और वेटर्स बाहर की ओर भागते नजर आए। सुरक्षा बलों ने SOS लाइट के जरिए मेहमानों को अलर्ट किया और एहतियात के तौर पर पूरे होटल को खाली करा लिया गया। एक रिपोर्टर ने मौके का मंजर बयां करते हुए बताया कि पहले उन्हें लगा कि शायद बर्तन गिरने की आवाज है, लेकिन जब वेटर्स अपनी ट्रे लेकर भागने लगे, तब खतरे का अहसास हुआ। रिपोर्टर के अनुसार, सुरक्षाकर्मी लंबी बंदूकें लेकर मंच पर तैनात हो गए थे।
कैबिनेट सदस्यों की निकासी और हमलावर की गिरफ्तारी
राष्ट्रपति ट्रंप को सुरक्षित निकालने के बाद उनके मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों को भी एक-एक करके बाहर ले जाया गया और इनमें स्कॉट बेसेंट, काश पटेल, पीट हेगसेथ और विटकॉफ शामिल थे। सुरक्षाकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमलावर ने फायरिंग क्यों की और उसका मुख्य निशाना कौन था। प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद हमलावर हथियार लेकर होटल के भीतर कैसे प्रवेश करने में सफल रहा।
सुरक्षा बलों ने हमलावर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद होटल परिसर की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। फिलहाल जांच एजेंसियां हमलावर के मकसद और सुरक्षा में हुई चूक के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।
