Cricket / जब PAK खिलाड़ी ने की MS Dhoni का सिर फोड़ने की कोशिश, माही ने भी दिया मुंहतोड़ जवाब

Zoom News : Jul 12, 2021, 05:06 PM
नई दिल्ली: क्रिकेट के मैदान पर जब भी भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होती हैं तो रोमांच अपने चरम पर होता है। कई बार तो इन दोनों टीमों के खिलाड़ी आपस में भिड़ भी जाते हैं। इसी तरह पाकिस्तान के एक गेंदबाज ने भी टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) से एक बार पंगा ले लिया था। 


धोनी को गेंद मारने की कोशिश 

धोनी (MS Dhoni) ने 2004 में क्रिकेट में डेब्यू किया था और उन्होंने बहुत ही कम समय में अपने दमदार खेल के दम पर काफी नाम कमा लिया था। साल 2006 में जब टीम इंडिया पाकिस्तान के दौरे पर थी, उस वक्त पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाज दानिश कनेरिया (Danish Kaneria) ने गेंदबाजी करते वक्त धोनी से भिड़ने का मन बना लिया था। कनेरिया ने की एक गेंद को धोनी ने आगे बढ़कर आराम से डिफेंड किया। तभी इस पाकिस्तानी गेंदबाज ने गेंद उठाकर तेजी से धोनी की ओर फेंकी। ये गेंद सीधा धोनी के सिर पर भी लग सकती थी, लेकिन धोनी बाल-बाल बच गए थे। 


माही ने भी लिया बदला

कनेरिया (Danish Kaneria) के ऐसे बर्ताव पर धोनी (MS Dhoni) ने भी उनको मुंहतोड़ जवाब देने की ठानी। माही ने अपने बल्ले से कनेरिया की जमकर क्लास ली। कनेरिया की अगली गेंद पर अपनी क्रीज छोड़कर माही नेलंबा छक्का लगाया। इतना ही नहीं उनकी कई गेंदों पर धोनी ने लंबे-लंबे शॉट लगाकर जवाब दिया। इस मैच में माही ने 153 गेंदों पर 148 रनों की तेज तर्रार पारी खेली। इस पारी में कुल 19 चौकों के साथ 4 लंबे छक्के शामिल थे। 

भारत के सबसे सफल कप्तान हैं धोनी 

धोनी (MS Dhoni) की कप्तानी के चर्चे आज भी पूरी दुनिया में होते हैं। धोनी भारत के अबतक के सबसे सफल कप्तान रहे हैं। माही की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप, वनडे वर्ल्ड कप और एक चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता है। टीम इंडिया धोनी की ही कप्तानी में पहली बार दुनिया की नंबर एक टेस्ट टीम बनी थी। 


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER