IPL 2023 / इन 3 खिलाड़ियों के लिए साबित होगा आखिरी सीजन? 4000 से ज्यादा रन बनाने वाला भी शामिल

Zoom News : Mar 30, 2023, 11:17 AM
IPL 2023: आईपीएल 2023 की शुरुआत 31 मार्च से हो रही है। पहला मुकाबला गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। आईपीएल में खेलने की चाहत सभी प्लेयर्स की होती है। आईपीएल 2023 कई स्टार खिलाड़ियों का आखिरी सीजन साबित हो सकता है। ये खिलाड़ी उम्रदराज हो चुके हैं और फॉर्म में नजर आ रहे हैं। आइए जानते हैं, इन प्लेयर्स के बारे में।

1. महेंद्र सिंह धोनी 

महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी कप्तानी में चार बार चेन्नई सुपर किंग्स को खिताब दिलाया है। वह मैदान पर अनोखे फैसले लेने के लिए जाने जाते हैं और गेंदबाजी में बेहतरीन तरीके से बदलाव करते हैं, लेकिन वह 41 साल के हो चुके हैं और कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि आईपीएल 2023 उनका आखिरी सीजन हो सकता है। उन्होंने अभी तक आईपीएल के 234 मैचों में 4978 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 135.20 है। धोनी की गिनती दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फिनिशर्स में होती है। अब ये देखने वाली बात होगी कि उनकी कप्तानी में इस बार चेन्नई सुपर किंग्स खिताब जीत पाती है या नहीं। 

2. अमित मिश्रा 

IPL 2023 मिनी ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने अमित मिश्रा को 50 लाख रुपये में अपने खेमे में शामिल किया था। वह 40 साल के हो चुके हैं और यहां तक कि आईपीएल 2022 में उन्हें किसी भी टीम ने नहीं खरीदा था। आईपीएल 2021 में उन्होंने 6 विकेट और आईपीएल 2020 में 4 विकेट चटकाए थे। वह अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने आईपीएल के 154 मैचों में 166 विकेट अपने नाम किए हैं, जिसमें तीन हैट्रिक शामिल हैं। 

3. ऋद्धिमान साहा 

ऋद्धिमान साहा गुजरात टाइटंस की टीम में शामिल हैं। वह 38 साल के हो चुके हैं। साहा टीम इंडिया से पहले ही बाहर चल रहे हैं और आईपीएल 2022 में उनके बल्ले से 317 रन निकले थे। वहीं, आईपीएल 2021 में उन्होंने 131 रन और आईपीएल 2020 में उन्होंने 214 रन बनाए थे। पिछले कुछ सीजन से वह बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन करने में नाकामा साबित हुए हैं। ऐसे में उनका ये आखिरी सीजन हो सकता है। उन्होंने अभी तक आईपीएल के 144 मैचों में 2427 रन बनाए हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER