अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी माने जाने वाले सलीम डोला को भारत डिपोर्ट कर लिया गया है और खुफिया एजेंसियों के एक बड़े ऑपरेशन के बाद अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से सलीम डोला को भारत लाया गया है। जहां अब उससे कड़ी पूछताछ की जाएगी। माना जा रहा है कि इस पूछताछ के दौरान अंडरवर्ल्ड नेटवर्क को लेकर कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
विशेष विमान के जरिए दिल्ली लाया गया
जानकारी के मुताबिक, सलीम डोला को आज सुबह एक विशेष विमान के जरिए दिल्ली के एयरपोर्ट पर लाया गया, जहां उसे औपचारिक रूप से डिपोर्ट किया गया। फिलहाल सलीम डोला खुफिया एजेंसियों की कड़ी पूछताछ का सामना कर रहा है। सुरक्षा एजेंसियां उससे दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क और उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही हैं।
इस्तांबुल में गिरफ्तारी और कानूनी प्रक्रिया
बताया जा रहा है कि सलीम डोला को हाल ही में इस्तांबुल में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे इस्तांबुल से सीधे भारत डिपोर्ट किया गया। सूत्रों के अनुसार, शुरुआती पूछताछ के बाद सलीम डोला को मुंबई पुलिस को हैंडओवर किया जाएगा। इसके बाद उसे मुंबई ले जाकर आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अंडरवर्ल्ड नेटवर्क पर बड़े खुलासे की उम्मीद
माना जा रहा है कि सलीम डोला से पूछताछ के दौरान अंडरवर्ल्ड नेटवर्क और उससे जुड़े कई अहम मामलों में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। मुंबई पुलिस भी सलीम डोला से पूछताछ करने वाली है।
सलीम डोला की भारत वापसी को अंडरवर्ल्ड के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है। मुंबई पुलिस और अन्य एजेंसियां अब उसके जरिए दाऊद इब्राहिम के सिंडिकेट की वर्तमान गतिविधियों और भारत में सक्रिय उसके गुर्गों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त करने की कोशिश करेंगी।