विज्ञापन

Tripura: विवाहेतर संबंध के शक में महिला को पति व अन्य ने पीटा, 'प्रेमी' से शादी के लिए मजबूर किया

Tripura: विवाहेतर संबंध के शक में महिला को पति व अन्य ने पीटा, 'प्रेमी' से शादी के लिए मजबूर किया
विज्ञापन

त्रिपुरा के खोवई जिले में विवाहेतर संबंध रखने के शक में एक महिला को उसके पति व अन्य ने बुरी तरह पीटा। इतना ही नहीं इसके बाद उसे उसके कथित प्रेमी से शादी करने के लिए मजबूर किया गया। 

पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह घटना तेलियामुरा पुलिस थाना क्षेत्र के मध्य कृष्णापुर में शनिवार रात हुई। मारपीट के कारण घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तेलियामुरा के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी एसडीओपी सोनाचरण जमाटिया ने बताया कि पुलिस को अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। 

पीड़ित महिला ने पत्रकारों को बताया कि उसके पति समेत 15 लोग उसे धान के खेत में ले गए। उन्हें शक है कि उसके विवाहेतर संबंध हैं। आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे वह बेहोश हो गई। उसके कथित प्रेमी से भी मारपीट की गई।

वीडियो सोशल मीडिया में वायरल

इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इसमें महिला के होश में आने के बाद उससे कथित प्रेमी के गले में माला डलवाकर जबर्दस्ती शादी की रस्म के दृश्य हैं।  इस दौरान मौजूद लोग खुशी प्रकट करते नजर आ रहे हैं। वहीं, कुछ युवक कथित प्रेमी को महिला की मांग में सिंदूर भरने के लिए विवश करते दिख रहे हैं। 

महिला के पति ने मीडिया के सामने स्वीकार किया है कि उसे व उसके परिजनों ने उसे इसलिए पीटा क्योंकि गांव के ही एक युवक से संबंध थे। घटना के बाद वह खुद अपनी पत्नी को अस्पताल लेकर गया। पूरी रात वहीं रहा। उसने बगैर किसी पछतावे के बताया कि पुलिस उसके घर आई थी, लेकिन खाली हाथ लौट गई। 

महिला आयोग ने की निंदा

उधर, त्रिपुरा महिला आयोग (TCW) की अध्यक्ष बृणाली गोस्वामी ने घटना की निंदा की है।  उन्होंने कहा कि सभ्य समाज में महिला के साथ इस तरह की बर्बरता बर्दाश्त नहीं की जा सकती। गांव में टीम भेजकर घटना की जांच कराई जाएगी। 

विज्ञापन