महाश्वेता चक्रवर्ती / 24 साल की वह महिला पायलट, जो यूक्रेन-रूस जंग से बचा लाईं 800 जिंदगियां

Zoom News : Mar 13, 2022, 01:41 PM
यूक्रेन-रूस जंग के बीच एक समय ऐसा था, जब लग रहा था कि सबकुछ खत्म हो गया। वहां पर फंसे हजारों भारतीय छात्रों का क्या होगा। वो ठीक तो होंगे? ऐसे में भारत सरकार ने ऑपरेशन गंगा शुरू किया और युद्धग्रस्त क्षेत्र से अपने लोगों को एयरलिफ्ट कराया। इस विशेष ऑपरेशन को अंजाम देने में सरकार के साथ ही साथ साहसिक भारतीय पायलटों का भी काफी योगदान है। 

इन्हीं पायलटों में से एक हैं, महाश्वेता चक्रवर्ती। 24 वर्षीय महाश्वेता ने साहस, जज्बे और सूझबूझ से न सिर्फ युद्धग्रस्त क्षेत्र में विमान को लैंड कराया, बल्कि वहां से 800 जिंदगियों को भी बचाने में कामयाब रहीं। पोलैंड-हंगरी सीमा से महश्वेता ने उड़ान भरकर 800 भारतीयों को सुरक्षित वापस अपने घर पहुंचाया।  

भाजपा ने किया ट्वीट 

महाश्वेता कोलकाता की रहने वाली हैं। उनके इस हिम्मत भरे काम की भाजपा ने तारीफ की है। भारतीय जनता पार्टी ने ट्वीट कर महाश्वेता की तारीफ की। इस ट्वीट में कहा गया कि, कोलकाता की 24 वर्षीय पायलट महाश्वेता चक्रमर्ती ने पोलैंड-हंगरी सीमा से 800 से अधिक भारतीयों को बचाया। उनके लिए बहुत-बहुत सम्मान। 

कौन हैं महाश्वेता 

भाजपा की ओर से उनकी तस्वीरें साझा की गई हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा की उपाध्यक्ष प्रियंका शर्मा ने अपने ट्वीट में लिखा कि, 24 वर्षीय महाश्वेता बंगाल भाजपा महिला मोर्चा की प्रमुख की बेटी हैं। वह तनुजा चक्रवर्ती की बेटी हैं। 

24 फरवरी को हुआ था हमला 

रूस ने यूक्रेन पर 24 फरवरी को हमला बोला था। इसके बाद से अब तक दोनों देशों के बीच जंग जारी है। जिस समय यह जंग शुरू हुई तब तक भारत में 18 हजार से ज्यादा भारतीय फंसे हुए थे। इन भारतीयों को निकालने के लिए सरकार की ओर से ऑपरेशन गंगा शुरू किया गया। इस ऑपरेशन के तहत वायु सेना के विमानों को भी पोलैंड, हंगरी, रोमानिया भेजकर भारतीयों को निकाला।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER