पंजाब / नहीं बच सका 300 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 6 साल का ऋतिक, 8 घंटे चला था रेस्क्यू

Zoom News : May 22, 2022, 07:46 PM
पंजाब के होशियारपुर के गदरीवाला गांव में बोरवेल में गिरे छह साल के बच्चे की मौत हो गई है। बच्चा आवारा कुत्ते से खुद को बचाने की कोशिश कर रहा था, तभी पैर फिसलने से बोरवेल में गिर गया था। आनन-फानन में मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया था। बच्चे को ऑक्सीजन पहुंचाने के साथ ही खुदाई शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उसने दम तोड़ दिया। 

घटना होशियारपुर जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर की थी। यहां करीब 300 फीट गहरे एक बोरवेल में 6 साल का रितिक गिर गया था। बच्चा करीब 95 फीट नीचे जाकर फंस गया था। जानकारी होने के बाद बच्चे को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बोरवेल तक पहुंचने के लिए सुरंग खोदने के लिए जेसीबी मशीन को लगाया गया था।

बता दें कि पंजाब के होशियारपुर में एक बोरवेल खुला हुआ था, तभी वहां से गुजर रहे बच्चे को आवारा कुत्ते ने दौड़ा दिया। खुद को बचाने के चक्कर में बच्चा भाग रहा था, तभी वह असंतुलित होकर खुले बोरवेल में गिर गया। इसके बाद जानकारी होने पर रेस्क्यू के लिए सेना को बुलाया गया। प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। 

स्थानीय अफसरों ने बताया कि बच्चा रविवार सुबह 9 बजे बोरवेल में गिर गया था। रेस्क्यू के दौरान बच्चे को ऑक्सीजन पहुंचाई गई। मशीनों से खुदाई शुरू की गई। बच्चा 95 फीट पर फंसा था। बच्चे को बाहर निकालने के लिए एक पाइप का इस्तेमाल किया गया। अफसरों के अनुसार, रितिक को जब बाहर निकाला गया तब वह बेहोशी की हालत में था। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER