देश / पहले दिन ही IGI एयरपोर्ट से 82 फ्लाइट कैंसिल, परेशान यात्री बोले- नहीं मिली कोई जानकारी

News18 : May 25, 2020, 12:51 PM
नई दिल्‍ली। देश में कोरोना वायरस संक्रमण (Coronavirus) और लॉकडाउन (Lockdown) के कारण दो महीने तक बंदी के बाद सोमवार से फिर घरेलू उड़ानें (Domestic Flights) शुरू हो गईं। हालांकि, इस दौरान दिल्ली मुंबई और अन्य एयरपोर्ट पर 82 उड़ानें कैंसिल होने से यात्रियों के बीच अफरातफरी की स्थिति बनी रही। यात्रियों की शिकायत की है कि उनकी फ्लाइटें रद्द कर दी गई है और एयरलाइंस की ओर से इसकी कोई जानकारी भी नहीं दी गई है।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, दिल्ली से पोर्ट ब्लेअर, कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई, इंदौर की सुबह की फ्लाइट कैंसिल हो गई। मुंबई में भी ऐसा ही आलम था। गुवाहाटी की फ्लाइट भी कैंसिल हुई, तो यात्री मायूस हो उठे। यात्री गुस्से में हैं। उनका दावा है कि उन्हें आखिरी तक उड़ान रद्द होने की जानकारी नहीं दी गई।

बता दें कि नागर उड्डयन मंत्रालय ने यात्रियों और एयरलाइंस (Airlines) के लिए कुछ गाइडलाइंस जारी की हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो पाए। हालांकि महाराष्‍ट्र, पश्चिम बंगाल, आंध्र और तमिलनाडु ने केंद्र सरकार के घरेलू विमान सेवा शुरू करने के फैसले पर आपत्ति जताई है।

कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, बिहार, पंजाब, असम, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गोवा और जम्मू-कश्मीर उन कुछ राज्यों में से हैं, जिन्होंने उनके राज्य के हवाई अड्डों पर उतरने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग आइसोलेशन के नियम तय किए हैं। कुछ राज्यों ने जहां यात्रियों को अनिवार्य क्वॉरंटाइन सेंटर्स में रखने का फैसला लिया है, वहीं कई अन्य ने उन्हें घर और क्वॉरंटाइन सेंटर्स में रखने की बात कही है।

महाराष्‍ट्र

काफी असमंजस के बाद महाराष्ट्र सरकार (Maharashtra Government) ने साफ कर दिया है कि आज से मुंबई (Mumbai) में 25 फ्लाइट्स उड़ान भरेंगी और लैंड होंगी। महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक (Nawab Malik) ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार मुंबई से रोजाना 25 घरेलू फ्लाइट्स के टेकऑफ और लैंडिग के लिए तैयार हो गई है। मलिक ने कहा कि ये संख्या धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी।

आंध्र प्रदेश

आंध्र प्रदेश सरकार 25 मई के बजाय 26 मई से घरेलू उड़ान को अनुमति देगी। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम हवाईअड्डे सोमवार से किसी भी उड़ान का परिचालन नहीं होगा, बल्कि मंगलवार से सेवा शुरू होगी।


तमिलनाडु

तमिलनाडु के चेन्नई हवाई अड्डे के संबंध में नागर विमानन मंत्री हरदीप पुरी ने आज रात बताया कि सोमवार से दिन में वहां अधिकतम 25 विमान लैंड कर सकेंगे लेकिन वहां से उड़ान भरने वाले विमानों की संख्या निर्धारित नहीं की गई है। वहीं राज्‍य के दूसरे एयरपोर्ट में देश के अन्‍य हिस्‍सों जैसी फ्लाइट संचालित होंगी।


कर्नाटक

कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्पष्ट कहा है कि यदि कोई यात्री बुरी तरह कोविड-19 प्रभावित राज्य से यात्रा कर रहा है तो उसे सात दिन के लिए अनिवार्य तौर पर प्रशासनिक निगरानी में रखा जाएगा। बाद में उसका कोविड-19 परीक्षण नकारात्मक आने पर उसे बाकी सात दिन घर पर पृथक रहना होगा।


जम्‍मू-कश्‍मीर और असम

जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने शनिवार को कहा कि राज्य में आने वाले सभी यात्रियों को 14 दिन की प्रशासनिक निगरानी में पृथक रहना होगा। असम सरकार ने सभी चालक दल और पायलटों को 14 दिन पृथक रहने का नियम बनाया है। जबकि यात्रियों को वह घर और सरकारी पृथक केंद्रों पर बराबर-बराबर बांट देगी।


हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश सरकार ने रेड जोन से आने वाले लोगों को संस्थागत पृथक-वास में रखने का फैसला किया है। कांगड़ा के उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि रेड जोन से आने वाले लोगों और इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी के लक्षण वाले यात्रियों को अनिवार्य रूप से पृथक-वास में रखना होगा। यही नियम हवाई यात्रियों पर भी लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले में हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटलों में भुगतान करने पर पृथक-वास की सुविधाएं उपलब्ध हैं।

उत्‍तर प्रदेश

सोमवार से घरेलू उड़ानें शुरू होने के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने तय किया है कि उत्तर प्रदेश आने वाले लोग अगर इसी राज्य के रहने वाले हैं, तो उन्हें 14 दिन के लिए घर पर पृथक-वास में रहना होगा। मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी की ओर से रविवार को जारी प्रोटोकाल के मुताबिक सभी यात्रियों को सलाह दी जाएगी कि वे हर समय भौतिक दूरी, साबुन से हाथ धोने के उपायों का कड़ाई से पालन करें तथा मास्क या फेस कवर अवश्य पहनें। उन्हें किसी भी परिस्थिति में समूह में इकट्ठा होने की अनुमति नहीं होगी।


छत्‍तीसगढ़

छत्तीसगढ़ सरकार ने घरेलू उड़ानों और सामान्य ट्रेनों से छत्तीसगढ़ आ रहे यात्रियों का पृथक-वास में रहना अनिवार्य करने का फैसला किया है। राज्य प्रशासन ने यात्रियों को नियमों का पालन करने का निर्देश जारी किया है।


दिल्‍ली

भारत में 25 मई से घरेलू विमानों के फिर से उड़ान भरने की तैयारी के बीच दिल्ली हवाईअड्डा सोमवार से करीब 380 उड़ानों का संचालन करेगा। दिल्ली सरकार ने रविवार को एक आदेश जारी कर अधिकारियों को कहा है कि वे घरेलू यात्रा पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।

पंजाब

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने शनिवार को कहा कि पंजाब आ रहे सभी लोगों को 14 दिनों तक घर पर अनिवार्य रूप से पृथक-वास में रहना होगा चाहे वे घरेलू उड़ानों से आएं, ट्रेन से या फिर बसों से। देश में संक्रमण से ठीक होने वालों की दर राज्य में सबसे ज्यादा (90 प्रतिशत) होने के बावजूद उन्होंने किसी तरह के संतोष के भाव से इनकार किया।


केरल

केरल में कोविड-19 के बढ़ रहे मामलों के मद्देनजर राज्य में पहुंचने वाले घरेलू विमान यात्रियों को लॉकडाउन के दिशानिर्देशों के अनुसार सख्त पृथक-वास से गुजरना होगा। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री के के शैलजा ने कहा, 'यदि घरेलू उड़ान सेवाएं बहाल हो जाती हैं तो राज्य में आ रहे व्यक्तियों को दिशानिर्देशों के अनुसार सख्त पृथक-वास में रहना चाहिए।'

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER