MP / खेत में सो रही 55 साल की बुजुर्ग महिला पर एक बाघ ने कर दिया हमला, खा गया पेट और पैर

Zoom News : Feb 13, 2021, 07:42 AM
मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के तहसील बुधनी वन क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम डूंगरिया में एक खेत में सो रही 55 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। जिसके कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वन विभाग ने बाघ को पकड़ने के लिए पिंजरा लगा दिया है।

मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि जब तक पुलिस और वन विभाग की टीम घटना स्थल पर पहुंची, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बाघ ने बुजुर्ग महिला के पेट और पैर खा लिए थे। इस दौरान वन विभाग और पुलिस की टीम ने उसे भगाने की कोशिश की, तो वह भागने की बजाय दहाड़ने लगा। जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया। फिर उसे वहां से हटा दिया। वन विभाग ने मृतक के परिजनों को 10 हजार की सहायता प्रदान की है। 

मामले में जानकारी देते हुए वन विभाग ने बताया कि महिला पर बाघ ने हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के पति को 10 हजार की तत्काल सहायता प्रदान की गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और वन विभाग ने बाघ को पकड़ने के लिए पिंजरा लगा दिया है। महिला जंगल के पास खेत में बने टपर में रहती थी।

वहीं, इस घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीण अपने घर में रहने को मजबूर है। बहुत जरूरी काम होने पर ही वे अपने घरों से बाहर निकल रहे हैं। इसके साथ ही पुलिस और वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं और बाघ को पकड़ने की कवायद चल रही है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER