नई दिल्ली / 21 अक्टूबर को महाराष्ट्र और हरियाणा में होंगे विधानसभा चुनाव, 24 को घोषित होंगे परिणाम

ANI : Sep 21, 2019, 12:42 PM
नई दिल्ली: महाराष्ट्र और हरियाणा में चुनाव तारीखों का ऐलान हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा-महाराष्ट्र में 2 और 9 नवंबर को विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा है। ऐसे में इससे पहले इन राज्यों में चुनाव की प्रक्रिया पूरी होंगी। महाराष्ट्र में 8.9 करोड़ मतदाता हैं, जबकि हरियाणा में 1.28 करोड़ मतदाता हैं। हरियाणा में 1.03 लाख बैलेट यूनिट हैं, जबकि महाराष्ट्र में 1.8 लाख बैलेट यूनिट, 1.28 लाख CU और 1.39 लाख वीवीपैट मशीनें हैं। अगर कोई उम्मीदवार अपने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी नहीं देता है तो उसका पर्चा रद्द कर दिया जाएगा।

सुनील अरोड़ा ने बताया कि आज से दोनों राज्यों में आचार संहिता लागू हो गई है।​  उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्याशी के लिए चुनाव में खर्च की अधिकतम सीमा 28 लाख रुपये रहेगी जो दोनों ही राज्यों में लागू होगा। ​चुनाव आयोग की ओर से खर्च पर भी नज़र रखी जाएगी। तारीखों का ऐलान करने से पहले चुनाव आयोग ने सुरक्षा का जायजा लिया और तैयारियों को परख कर ही अब चुनाव कराया जा रहा है। चुनाव आयोग की ओर से राजनीतिक दलों से अपील की गई है कि वह अपने प्रचार में प्लास्टिक का कम से कम इस्तेमाल करें और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए अपने प्रचार को आगे बढ़ाएं।

बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र और हरियाणा में अक्टूबर में चुनाव होंगे तो वहीं झारखंड में दिसंबर में विधानसभा के चुनाव होंगे।​ बीते दिनों मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा महाराष्ट्र दौरे पर भी गए थे। उनके साथ दो चुनाव आयुक्त अशोक लवासा और सुशील चंद्र भी थे। बता दें कि तीन राज्य महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में विधानसभा साल के अंत से पहले होने तय हैं। हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनावों की अधिसूचना पहले आ जाएगी। वहीं झारखंड में विधानसभा के चुनाव बाद में होंगे और यहां पर कई चरणों में मतदान हो सकता है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER