अगर अगस्त 2026 के महीने में आपका बैंक की शाखा जाकर कोई जरूरी काम निपटाने का प्लान है, तो यह खबर आपके लिए बेहद काम की है। अगस्त के महीने में त्योहारों, राष्ट्रीय पर्वों और साप्ताहिक छुट्टियों के कारण देश भर के बैंक कुल 14 दिन बंद रहने वाले हैं। अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम जैसे चेक क्लियरेंस, ड्राफ्ट बनवाना या केवाईसी अपडेट करना है, तो घर से निकलने से पहले छुट्टियों की इस लिस्ट को जरूर देख लें। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, अगस्त 2026 में देश के अलग-अलग राज्यों में बैंक कुल 14 दिन बंद रहेंगे।
अगस्त 2026 में बैंक बंदी की तारीखें
अगस्त 2026 में बैंक 2, 4, 8, 9, 13, 15, 16, 19, 22, 23, 25, 26, 28 और 30 अगस्त को बंद रहेंगे। हालांकि, ग्राहकों को यह ध्यान रखना चाहिए कि इनमें से कुछ छुट्टियां पूरे देश में लागू नहीं होंगी। कई अवकाश केवल संबंधित राज्यों में ही मान्य होंगे जहां वे त्योहार मनाए जाते हैं। इसलिए बैंक जाने से पहले अपने राज्य की विशिष्ट छुट्टियों की जानकारी जांचना आवश्यक है।
त्योहारों और विशेष अवसरों की विस्तृत सूची
RBI के कैलेंडर और आधिकारिक लिस्ट के मुताबिक, अगस्त में अलग-अलग राज्यों में इन विशेष तारीखों पर बैंक अवकाश रहेगा:
- 4 अगस्त: केर पूजा के अवसर पर त्रिपुरा में बैंक बंद रहेंगे।
- 8 अगस्त: तेन्दोंग ल्हो रम फाट के कारण सिक्किम में बैंकों की छुट्टी रहेगी।
- 13 अगस्त: देशभक्त दिवस के उपलक्ष्य में मणिपुर में बैंक बंद रहेंगे।
- 15 अगस्त: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे देश में बैंकों का अवकाश रहेगा।
- 19 अगस्त: महाराजा बीर बिक्रम किशोर माणिक्य बहादुर जयंती के कारण त्रिपुरा में बैंक बंद रहेंगे।
- 25 अगस्त: मिलाद-उन-नबी / पहला ओणम / मिलाद-इ-शरीफ के अवसर पर केरल और आंध्र प्रदेश में बैंक बंद रहेंगे।
- 26 अगस्त: ईद-ए-मिलाद / बारावफात / थिरुवोणम के कारण महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, उत्तराखंड, तेलंगाना, मणिपुर, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, केरल, नई दिल्ली, बिहार, छत्तीसगढ़ और झारखंड में बैंक बंद रहेंगे।
- 28 अगस्त: रक्षाबंधन / पांग-लहाबसोल / श्री नारायण गुरु जयंती / अय्यनकाली जयंती के अवसर पर गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, केरल और हिमाचल प्रदेश में बैंकों की छुट्टी रहेगी।
साप्ताहिक अवकाश और शनिवार की छुट्टियां
अगस्त 2026 में कुल 7 छुट्टियां वीकेंड्स यानी शनिवार और रविवार की वजह से रहेंगी। महीने के दौरान 2, 9, 16, 23 और 30 अगस्त को रविवार होने के कारण साप्ताहिक अवकाश रहेगा। इसके अलावा, 8 अगस्त को महीने का दूसरा शनिवार और 22 अगस्त को महीने का चौथा शनिवार होने की वजह से देश भर के बैंक बंद रहेंगे। इस तरह साप्ताहिक छुट्टियों और त्योहारों को मिलाकर कुल 14 दिन कामकाज प्रभावित रहेगा।
डिजिटल सेवाओं पर नहीं पड़ेगा असर
बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को वित्तीय लेनदेन के लिए ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है। छुट्टियों के दौरान भी नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई (UPI) और एटीएम (ATM) सेवाएं पूरी तरह से चालू रहेंगी। आप घर बैठे फंड ट्रांसफर, बिल भुगतान और अन्य बैंकिंग कार्य डिजिटल माध्यमों से कर सकते हैं। हालांकि, यदि आपको बैंक की शाखा में जाकर ही कोई काम करना है, जैसे कि लॉकर ऑपरेट करना या कोई दस्तावेज जमा करना, तो आपको इस लिस्ट के अनुसार ही अपनी प्लानिंग बनानी चाहिए ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।
