देश / बिहार मधुबनी के सैलून चलाने वाले युवक ने ‘Dream 11’ में जीते 1 करोड़ रूपये, रात भर नहीं आई नींद

Zoom News : Sep 29, 2021, 10:20 PM
मधुबनी : किसी ने बिल्कुल सच कहा है ‘ ईश्वर जब देता है छप्पर फाड़ कर देता है। ऐसा ही एक वाकया सामने आया है। प्रखंड के ननौर चौक पर सैलून चलाने वाले अशोक कुमार ठाकुर के क्रिकेट प्रति शौक ने उसे रातों रात करोड़पति बना दिया। अशोक ठाकुर ने आईपीएल में ड्रीम इलेवन(Dream 11) में टीम बनाकर एक करोड़ रुपये का इनाम जीत लिया।


उनकी कामयाबी पर स्वजनों समेत दोस्तो और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है। मूलरूप से मधुबनी जिले के झंझारपुर प्रखंड के अररिया संग्राम के रहने वाले अशोक ठाकुर काफी गरीब परिवार से आते हैं। प्रखंड के ननौर चौक पर वो एक छोटा सा सैलून चलाकर अपना और परिवार का भरण पोषण करते हैं।

अपनी सफलता के बारे में अशोक ने बताया कि उन्होंने रविवार की रात्रि चेन्नई व कोलकत्ता के आइपीएल मैच में 49 रुपये लगाकर ड्रीम इलेवन(Dream 11) में टीम बनाकर अपनी किस्मत आजमाई। उनके द्वारा बनाए गए सभी खिलाड़ियों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर उन्हें करोड़पति बना दिया।

अशोक को 30 प्रतिशत टैक्स कटने के बाद 70 लाख की धनराशि मिलेगी। करोड़पति बनने के बाद अशोक ने कहा कि उन्हें खुशी से रातभर नींद नही आयी। वह जिस काम से यहां तक पहुंचे हैं, उसे कभी नहीं छोड़ेंगे। इस पैसे से वो पहले अपना कर्ज चुकाकर घर बनाएंगे।

अशोक के इस सफलता पर पिता महेश कुमार, माता, भाई और पत्नी और बच्चों ने अशोक की कामयाबी पर खुशी जताई है। अशोक के करोड़पति बनने पर स्थानीय समाजसेवी रामचंद्र यादव, शैलेन्द्र कुमार मिश्रा, युवा जदयू प्रखंड अध्यक्ष रमन कुमार मिश्रा, महेंद्र ठाकुर, बहादुर ठाकुर आदि ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

अशोक ने बताया कि देर रात करीब साढ़े 11 बजे मैच खत्म होते ही उनकी पहली रैंक आ गई। तत्काल ड्रीम इलेवन(Dream 11) की ओर से उन्हें मैसेज व फोन द्वारा करोड़पति बनने की सूचना देते हुए बधाई दी गई।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER