मध्य प्रदेश / क्रिकेट खेलती दिखीं बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर, मेडिकल आधार पर ज़मानत पर हैं बाहर

Zoom News : Dec 26, 2021, 06:00 PM
भोपाल: मध्य प्रदेश की साध्वी प्रज्ञा सिंह को लेकर कांग्रेस अक्सर सोशल मीडिया पर टिप्पणी करती रहती है। कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने एक बार फिर साध्वी पर तंज कसा है। सलूजा ने एक वीडियो ट्वीट किया है, जिसमें साध्वी क्रिकेट खेलती नजर आ रही हैं। सलूजा ने लिखा है कि बीमारी के कारण न्यायालय से राहत पाने वाली साध्वी जी के क्रिकेट खेलने को लेकर दुनिया के डॉक्टरों को शोध करना चाहिए। 

डॉक्टरों को शोध करना चाहिए

नरेंद्र सलूजा ने अपने ट्वीट में लिखा कि व्हील चेयर पर ज़्यादातर समय नज़र आने वाली , बीमारी के कारण न्यायालय से राहत पाने वाली साध्वी जी जब क्रिकेट खेलते, फुटबॉल खेलते, समारोह में नृत्य करते दिखती हैं तो खुशी होती है। सलूजा ने आगे लिखा कि ऐसा लगता है कि यह कोई आठवां अजूबा है। साथ ही सलूजा ने यह भी लिखा कि इस चमत्कार पर तो विश्व के डॉक्टरों को शोध करना चाहिए।

अक्सर हुआ है विवाद

वैसे यह पहली बार नहीं है जब नरेंद्र सलूजा ने साध्वी प्रज्ञा सिंह पर इस तरह से तंज कसा है। इसी साल जुलाई में सलूजा ने एक और वीडियो ट्वीट किया था, जिसमें साध्वी प्रज्ञा फुटबॉल खेलती दिखी थीं। तब सलूजा ने लिखा था कि भोपाल की भाजपा सांसद साध्वी ठाकुर को अभी तक व्हील चेयर पर ही देखा था। लेकिन आज उन्हें भोपाल में स्टेडीयम में बास्केटबॉल पर हाथ आज़माते देखा तो बड़ी ख़ुशी हुई…। अभी तक यही पता था कि किसी चोट के कारण वो ठीक से खड़ी और चल फिर भी नही सकती हैं…? ईश्वर उन्हें हमेशा स्वस्थ रखे..। गौरतलब है कि साध्वी प्रज्ञा सिंह को बीमारी के चलते अदालत से राहत मिली हुई है। इसके बाद वह काफी समय तक व्हीलचेयर पर ही रहीं। हालांकि बीच-बीच में वह कई कार्यक्रमों में शामिल हुईं तो बिना व्हीलचेयर के ही पहुंची। इसको लेकर कई बार विवाद भी हुआ।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER