New Movie / क्लास ऑफ 83 में पुलिस ऑफिसर का किरदार निभाते नजर आएंगे बॉबी देओल

Zoom News : Jul 17, 2020, 11:52 AM
By News Helpline . Mumbai | नेटफ्लिक्स ने गुरुवार को एक बड़ी अनाउंसमेंट की थी। इतने महीनों से अपने फेवरेट स्टार्स को बड़े पर्दे पर देखने के लिए मिस कर रहें दर्शकों को नेटफ्लिक्स ने बड़ा तोहफा दिया है। दरअसल नेटफ्लिक्स पर एक के बाद एक धड़ाधड़ फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होने वाली है। कुल मिलाकर 17 फिल्मों और वेब सीरीज का आनंद आप अपने घर बैठे ले सकते हैं। 

इस लिस्ट में बॉबी देओल की फिल्म "क्लास ऑफ 83" का भी नाम शामिल हैं। इस फिल्म से बॉबी देओल का फर्स्ट लुक भी सामने आ गया है और सोशल मीडिया पर छाया हुआ है।

फिल्म से अपने फर्स्ट लुक को बॉबी देओल ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। फर्स्ट लुक को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन दिया, "डीन विजय सिंह का रोल निभाते हुए ऐसा अनुभव हुआ जैसा पहले कभी नहीं हुआ था। क्लास ऑफ 83 जल्द नेटफ्लिक्स पर आ रहा है।"

इस अपकमिंग फिल्म में बॉबी पुलिस ऑफिसर डीन विजय सिंह का किरदार निभाते नजर आएंगे। उनके फर्स्ट लुक की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रहीं हैं, और फैंस बेसब्री से फिल्म का इंतजार कर रहे हैं। 

फिल्म में बॉबी देओल के अलावा भूपेंद्र जाडावत, हितेश भोजराज और अनूप सोनी भी हैं। फिल्म की कहानी हुसैन जैदी की किताब 'क्लास ऑफ 83' पर आधारित है। जिसमें दिखाया जाएगा कि पुलिस ऑफिसर विजय सिंह की पनिशमेंट पोस्टिंग की जाती है, और उसे पुलिस एकेडमी का डीन बना दिया जाता है। और इसके बाद वो भ्रष्टाचारी अफसरों को सजा दिलाने का प्रण करता है। 

फिल्म क्लास ऑफ 83 शाहरुख खान की कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस की है। वहीं इसका डायरेक्शन अतुल सभरवाल ने किया है। यह फिल्म भी नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है। हालांकि किस दिन रिलीज होगी इसकी जानकारी सामने नहीं आयीं है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER