कोरोना वायरस / चीन के शोधकर्ताओं को चमगादड़ों में मिले 24 नए कोरोना वायरस

Zoom News : Jun 13, 2021, 01:54 PM
बीजिंग: कोविड-19 की उत्पत्ति की नए सिरे से जांच के बीच चीनी शोधकर्ताओं को चमगादड़ों में नए तरह के कोरोना वयारस के नमूने मिले हैं। चीनी शोधकर्ताओं ने अपनी रिसर्च में कहा है कि चमगादड़ में मिले नए वायरस में एक ऐसा वायरस शामिल है, जो आनुवंशिक रूप से कोविड-19 का दूसरा सबसे करीबी हो सकता है।

शोधकर्ताओं का कहना है कि दक्षिण-पश्चिमी चीन में उनकी रिसर्च से पता चलता है कि चमगादड़ों में कितने प्रकार के कोरोना वायरस होते हैं और यह कितने लोगों में फैलने की क्षमता रखते हैं। जर्नल सेल में प्रकाशित एक रिपोर्ट में, शेडोंग विश्वविद्यालय के चीनी शोधकर्ताओं ने कहा, कुल मिलाकर, हमने कई प्रकार के चमगादड़ प्रजातियों में से 24 नए कोरोना वायरस जीनोम इकट्ठे किए, जिनमें चार SARS-CoV-2 जैसे कोरोना वायरस शामिल हैं।

रिपोर्ट में चीनी रिसर्चरों ने बताया है कि उन्होंने यह नमूने मई 2019 और नवंबर 2020 के बीच जंगल में रहने वाले छोटे चमगादड़ों से एकत्र किए थे। उन्होंने चमगदड़ों के मुंह से नमूने लेने के साथ-साथ उनके मल-मूत्र का भी जांच किया। 

चीनी रिसर्चरों ने रिपोर्ट में बताया है कि एक वायरस आनुवंशिक रूप से SARS-CoV-2 वायरस के समान था, जो चल रही महामारी का कारण बन रहा है। रिसर्चरों ने कहा कि यह स्पाइक प्रोटीन पर आनुवंशिक अंतर को छोड़कर SARS-CoV-2 का सबसे करीबी हो सकता है।

रिसर्चरों ने कहा कि जून 2020 में थाईलैंड से एकत्र किए गए SARS-CoV-2 संबंधित वायरस के साथ, ये परिणाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करते हैं कि SARS-CoV-2 से निकटता से संबंधित वायरस चमगादड़ों की आबादी में प्रसारित होते रहते हैं, और कुछ क्षेत्रों में अपेक्षाकृत ज्यादा होते हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER