ट्रंप पर हमले की कोशिश: सीक्रेट सर्विस ने हमलावर को दबोचा, सभी कैबिनेट सदस्य सुरक्षित

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंस डिनर के दौरान हुई फायरिंग के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सुरक्षा स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमलावर कोल टॉमस एलन को गिरफ्तार कर लिया गया है और उपराष्ट्रपति वेंस सहित सभी कैबिनेट सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंस डिनर में हुई फायरिंग की घटना के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सीक्रेट सर्विस और सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी की जमकर तारीफ की। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि उपराष्ट्रपति वेंस और कैबिनेट के अन्य सभी सदस्य पूरी तरह से सुरक्षित हैं। उन्होंने जानकारी दी कि हमलावर को पकड़ लिया गया है और इस घटना में एक पुलिसकर्मी को गोली लगी है, लेकिन वह अब खतरे से बाहर है।

सुरक्षाकर्मियों की त्वरित कार्रवाई और हमलावर की गिरफ्तारी

डोनाल्ड ट्रंप ने सुरक्षा एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि यह घटना बहुत अनएक्सपेक्टेड थी, लेकिन सीक्रेट सर्विस और लॉ एनफोर्समेंट ने इस पर बहुत तेज़ी से एक्शन लिया। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति कई हथियारों से लैस होकर सिक्योरिटी चेकपॉइंट पर घुस गया था। सीक्रेट सर्विस के कुछ बहुत बहादुर सदस्यों ने उसे तुरंत काबू में कर लिया। ट्रंप ने जोर देकर कहा कि सुरक्षाकर्मियों ने बहुत तेज़ी से कदम उठाकर स्थिति को संभाला।

हमलावर की पहचान और जांच का विवरण

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने शूटर के बारे में महत्वपूर्ण विवरण साझा किए और उन्होंने बताया कि फायरिंग करने वाले शख्स की पहचान कोल टॉमस एलन के तौर पर हुई है। हमलावर की उम्र 31 साल है और वह कैलिफोर्निया का रहने वाला है। सुरक्षा एजेंसियां वर्तमान में उससे गहन पूछताछ कर रही हैं और पकड़े जाने के समय उसके पास कई हथियार बरामद किए गए थे।

घायल ऑफिसर की स्थिति और सुरक्षा प्रोटोकॉल

ट्रंप ने बताया कि घटना के दौरान एक ऑफिसर को गोली लगी, लेकिन वह सुरक्षित बच गया क्योंकि उसने बहुत अच्छी बुलेटप्रूफ वेस्ट पहनी हुई थी। ऑफिसर को बहुत पास से एक बहुत पावरफुल गन से गोली मारी गई थी, लेकिन उसका हौसला काफी बुलंद है। इससे पहले ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए बताया था कि सुरक्षा एजेंसियों के अनुरोध पर प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उन्होंने कार्यक्रम स्थल को तुरंत खाली कर दिया था।

यह घटना उस समय हुई जब वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में डिनर का आयोजन चल रहा था। फायरिंग की इस घटना ने वहां मौजूद सभी लोगों को सकते में डाल दिया। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों की जवाबी कार्रवाई के कारण हमलावर को समय रहते काबू में कर लिया गया और ट्रंप ने पुष्टि की कि वह खुद, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और पूरी कैबिनेट सुरक्षित है और उन्हें किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है।