Farmer Protest / आज हरियाणा में एंट्री करने की कोशिश करेंगे किसान- कड़ा एक्शन लेने की तैयारी में पुलिस

Zoom News : Feb 14, 2024, 08:40 AM
Farmer Protest: किसानों का 'दिल्ली चलो' मार्च का आज दूसरा दिन है। प्रदर्शनकारी किसान पंजाब-हरियाणा शंभू बॉर्डर पर ट्रैक्ट्रर ट्रॉली के साथ डटे हैं। रात भर किसान बॉर्डर पर ही रहे। रात में किसानों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। हरियाणा पुलिस का कहना है कि किसी भी हालत में राज्य में किसानों को एंट्री नहीं दी जाएगी। इस बीच दिल्ली-एनसीआर में किसानों को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारी किसानों को राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने से रोकने की तैयारियों के बीच एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिया कि अगर आंदोलनकारी आक्रामकता दिखाते हैं तो उन्हें ‘‘रक्षात्मक होने की जरूरत नहीं’’ है।

टिकरी बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

किसानों के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर टिकरी बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ी कर दी गई है। किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने कटीले तार, कैंटेनर समेत कई अन्य व्यवस्थाएं की हैं।

दिल्ली पुलिस की चेकिंग जारी

किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने रात कई जगहों पर वाहनों की चेकिंग की। राजिंदर नगर में पुलिस ने चेक करके ही आगे वाहनों को जाने दिया।

रात में भी आंसू गैस का इस्तेमाल

हरियाणा-पंजाब शंभू सीमा पर प्रदर्शनकारी किसानों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने रात में भी आंसू गैस का इस्तेमाल किया। किसानों ने राष्ट्रीय राजधानी की ओर मार्च जारी रखने की घोषणा की है। किसानों का कहना है कि वे किसी भी हालत में दिल्ली जाकर रहेंगे।

गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों को इस तरह रोकेगी पुलिस

सुबह-सुबह गाज़ीपुर बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था की ताजा तस्वीर। दरअसल किसानों ने राष्ट्रीय राजधानी की ओर मार्च जारी रखने की घोषणा की है। किसानों को रोकने के लिए बैरिकेड्स के अलावा कटीले तार और नुकीली कीलें भी रोड पर बिछाई गई है।

टिकरी बॉर्डर पर किसानों को ऐसे रोकेगी पुलिस

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की ओर किसानों के मार्च के दूसरे दिन सीमा को मजबूत बनाने के लिए टिकरी बॉर्डर पर कंक्रीट स्लैब के बीच अधिक कंक्रीट डाला जा रहा है।

दिल्ली से 200 किमी दूर किसान

दिल्ली से 200 किमी दूर पंजाब-हरियाणा शंभू बॉर्डर पर रात से ही डटे हुए हैं। आज एक बार फिर से किसान हरियाणा में एंट्री करने की कोशिश करेंगे। इस बीच हरियाणा पुलिस ने कहा कि वह किसी भी प्रदर्शनकारियों को राज्य में घुसने नहीं देगी।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER