उत्तर प्रदेश / रिश्ते में बाबा लगने वाले शख्स ने 5-वर्षीय बच्ची से किया रेप, गला दबाकर की हत्या

Zoom News : Apr 19, 2021, 02:40 PM
बांदा: यूपी के बांदा जिल के बबेरू के मर्का थाना क्षेत्र में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। 40 वर्षीय आरोपित ने शव अपने घर के आंगन में जमा पयार में छिपाकर रखा था। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। मामला रविवार देर शाम का है।

मर्का थानाक्षेत्र गांव निवासी पांच वर्षीय बच्ची रविवार शाम करीब चार बजे अपने घर बाहर खेल रही थी। घर के ठीक सामने रहनेवाले आरोपित ने उसे लइया, नमकीन और पेठा का लालच देकर अपने घर में बुलाया। बच्ची के घर में जाते ही अंदर से दरवाजा बंदकर उसका मुंह दबा पकड़ लिया। आरोपित ने बच्ची के साथ दुष्कर्मकर अपनी लुंगी से उसका गला कसकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव अपने घर के अंदर के आंगन में जमा पयार में छिपा दिया। इधर, काफी देर तक बच्ची के लापता रहने से उसकी मां और आसपास के लोग खोजबीन में लगे रहे। लेकिन कोई पता नहीं चला। शाम सात बजे गांव के एक ग्रामीण ने बताया कि चार बजे हैंडपंप से पानी भरते वक्त बच्ची को आरोपित के घर जाते देखा था।

ग्रामीणों ने आरोपित से बच्ची के बार में पूछा तो जानकारी न होने की बात कही। घर में तलाशी लेने के लिए घुसने की कोशिश पर आरोपित बच्ची की मां से उलझ गया। यहां तक हाथापाई भी करने लगा। इससे ग्रामीणों का शक गहरा गया। ग्रामीण जबरन आरोपित के घर घुस गए। पूरा घर तलाशने के साथ पयार को भी पलट को देखा। बच्ची पयार में दबी मिली। गला लुंगी से कसा गया था। वहीं, बच्ची के खून से सने कपड़े भी आरोपित के घर से बरामद हुए। ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के चाचा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्जकर आरोपित को गिरफ्तार किया।

आरोपित की चुप्पी पर ग्रामीण को हुआ था शक

मृतक बच्ची और आरोपित का घर आमने-सामने है। पूरा गांव बच्ची को खोजने में लगा था। आरोपित चुप्पी साधे था। दिन में बच्ची को हैंडपंप के पास देखनेवाले ग्रामीण को ये बात हजम नहीं हुई। उसने आशंका के आधार पर बच्ची को आरोपित के घर जाते हुए देखने की बात सभी को बताई थी। उसकी आशंका सही निकली। शाम चार बजे से लापता बच्ची का शव आरोपित के घर से रात 10 बजे बरामद हुआ था। पुलिस ने रात में ही शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया था। 

पिता सूरत में साड़ी छपाई का करता है काम

मृतका का पिता सूरत में साड़ी छपाई का काम करता है। घर में उसकी पत्नी, दो बेटी और दो बेटों के साथ रहती है। मृतका चारों बच्चों में सबसे बड़ी और पास स्थित स्कूल में कक्षा एक की छात्रा थी। बेटी की मौत की खबर पिता को रात में ही दी गई। बदहवास पिता रात में ही बांदा के लिए निकल पड़ा। हालांकि देर शाम तक घर नहीं आया पाया था। 

12 साल पहले पत्नी ने दिया था छोड़

आरोपित गांजे और शराब का लती है। मध्यप्रदेश के सतना स्थित गांव हड़हा निवासी महिला से शादी हुई थी। दो बच्चे भी हैं। आरोपित के नशे की लत के कारण पत्नी दोनों बच्चों को लेकर 12 साल से अपने मायका में रह रही है। आरोपित अपने घर में अकेला रहता है। कभी भीख तो कभी मेहनत मजदूरी करता था। ग्रामीणों के मुताबिक, दिन-रात नशे में डूबा रहता था। आरोपित ने कई बार राह चलती महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ भी की थी। लोकलाज वश आरोपित की शिकायत पीड़िताओं ने नहीं की। आरोपित मृतक बच्ची का रिश्ते में बाबा लगता था। ठीक सामने घर है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER