राजनीतिक / राहुल के बयान पर गिरिराज का पलटवार, कहा - अगर उनकी रगों में भारत का खून है तो वो देश से मांफी मांगे

News18 : Dec 13, 2019, 02:34 PM
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ((Rahul Gandhi)  के 'रेप इन इं‍डिया' वाले बयान पर बवाल मच गया है। राहुल ने जिस तरीके से रेप को 'मेक इन इंडिया' से जोड़ा, उसको लेकर बीजेपी के सांसद बेहद खफा हैं। हर कोई उन्हें तुरंत माफी मांगने को कह रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि सदन में ऐसे सदस्य का रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। इसके अलावा बीजेपी के एक और सांसद गिरिराज सिंह ने भी तुरंत राहुल गांधी को मांफी मांगने को कहा है। आइए एक नजर डालते हैं कि बीजेपी के बाक़ी नेताओं ने क्या कहा

राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को लोकसभा में कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को माफी मांगनी चाहिए। ऐसे बयान देने वाले को इस सदन का सदस्य रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

गिरिराज सिंह

अगर राहुल गांधी की रगों में भारत का खून है तो वो देश की हर महिला से मांफी मांगे। राहुल ने 'मेक इन इंडिया' का हवाला देते हुए 'रेप इन इंडिया' कहा था। 'मेक इन इंडिया' दुनियाभर के लोगों से कहता है कि भारत आइए और यहां कारोबार में निवेश करिये। जाहिर है राहुल गांधी 'रेप इन इंडिया' कहकर कहना चाहते हैं कि आओ और भारतीय महिलाओं का रेप करो।

स्मृति ईरानी

स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी से मांफी मांगने को कहा है। उन्होंने कहा कि राहुल ने देश की महिलाओं का अपमान किया। स्पीकर ओम बिरला की मौजूदगी में स्मृति ने कहा, 'इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि कोई नेता यह कह रहा है कि भारतीय महिलाओं के साथ बलात्कार किया जाना चाहिए। क्या यह राहुल गांधी का देश के लोगों के लिए संदेश है?'

राहुल का पूरा बयान

इस पूरे घटनाक्रम पर भारतीय जनता पार्टी ने एक वीडियो ट्वीट किया है। इस वीडियो में राहुल गांधी कह रहे हैं - 'देखिये जहां भी आप देखो, देश में नरेंद्र मोदी ने कहा था मेक इन इंडिया..कहा था ना... आप जहां भी देखो.. मेक इन इंडिया नहीं भईया... रेप इन इंडिया... रेप इन इंडिया जहां भी देखो।'

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER