लाहौर / रैली में हुए बम धमाके में बाल-बाल बचा हाफिज सईद का बेटा तल्हा, RAW पर जताया शक

News18 : Dec 10, 2019, 11:08 AM
लाहौर। आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सरगना और मुंबई बम धमाकों के मास्टर माइंड हाफिज सईद (Hafiz Muhammad Saeed) के बेटे तल्हा सईद (Talha Saeed) को निशाना बनाकर हमला हुआ है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान के लाहौर में एक रैली के दौरान बम धमाका हुआ। सूत्रों के मुताबिक, इस धमाके में तल्हा सईद बाल-बाल बच गया है। पाकिस्तान ने इस हमले के लिए भारत की खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) पर शक जताया है। हालांकि, भारत ने इसे सिरे तौर पर खारिज कर दिया है।

ये घटना शनिवार की है। बताया जा रहा है कि तल्हा सईद टाउनशिप मोहम्मद अली रोड स्थित जामा मस्जिद अली-ओ-मुर्तजा में एक बैठक कर रहा था, तभी धमाका हुआ। इसके तुरंत बाद तल्हा को वहां से निकाल लिया गया। धमाके में एक लश्कर समर्थक के मारे जाने की खबर है, जबकि 6 लोग जख्मी बताए जा रहे हैं। हालांकि, पाकिस्तानी मीडिया ने पहले इस गैस सिलेंडर में धमाका बताया था, लेकिन बाद में इसके बम धमाके की पुष्टि हुई।

तल्हा सईद हाफिज सईद का बड़ा बेटा है। हाफिज सईद के बाद वही लश्कर-ए-तैयबा को कमांड करता है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों की प्लानिंग को तल्हा सईद ही फाइनल करता है।

बता दें कि अमेरिका ने दुनिया में 'आंतकवाद के लिए जिम्मेदार' लोगों की सूची में भी हाफिज सईद का नाम शामिल किया है। उस पर एक करोड़ डॉलर का इनाम भी रखा गया है। हाफिज सईद अरबी और इंजीनियरिंग का प्रोफेसर भी रह चुका है। मुंबई आतंकी हमलों में हाफिज की भूमिका को लेकर भारत ने उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी कर रखा है, वहीं अमेरिका ने उसे विशेष निगरानी सूची में रखा है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER