नई दिल्ली / हेमा मालिनी ने फर्ज़ी इसरो अकाउंट का ट्वीट किया शेयर, हुईं ट्रोल

Jansatta : Sep 10, 2019, 04:05 PM
ISRO के फर्जी अकाउंट से चंद्रायान-2 को लेकर किए गए एक ट्वीट की वजह से कई लोग धोखे का शिकार हो गए। इस फेहरिस्त में बीजेपी सांसद हेमा मालिनी भी हैं। उन्होंने इस फर्जी अकाउंट के ट्वीट को शेयर किया तो यूजर्स ने जमकर उनका मजाक उड़ाया। इस फर्जी अकाउंट को 10,000 लोग फॉलो करते हैं। ISRO Official Update के नाम से मौजूद इस अकाउंट से विक्रम लैंडर की चांद की सतह पर सफलतापूर्वक लैंडिंग को लेकर ट्वीट किया गया। इस ट्वीट को लगभग 13,000 रिट्वीट और 52,000 लाइक मिले। यह वही ट्वीट है जिसे बीजेपी सांसद ने शेयर किया।

ISRO Official Update ने अपने टवीट में लिखा ‘भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग करने वाला पहला देश बन गया है। इसरो की टीम को बहुत-बहुत बधाई। उम्मीद है हम विक्रम लैंडर से संपर्क साध सकेंगे।’ मालूम हो कि विक्रम लैंडर की ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ से 2.1 किलोमीटर पहले ही संपर्क टूट गया था जिसके बाद सोमवार को इसरो ने जानकारी दी की लैंडर चांद की सतह पर तिरछा गिरा जिसके चलते लैंडिंग सफल नहीं रही।

बहरहाल हेमा मालिन के ट्वीट का यूजर्स ने जमकर मजाक उड़ाया। एक यूजर ने कहा कि ‘इसलिए हमें सरकार में पढ़े-लिखे लोगों की जरूरत है। शेयर करने से पहले एकबार गूगल पर सर्च कर लिया होता।’ एक यूजर ने कहा ‘मैम इस तरह की चीजें पब्लिश करने से पहले कम से कम आईटी सेल से जानकारी ले ली होती।’ एक अन्य यूजर कहते हैं ‘हेमा जी ने साबित कर दिया कि ब्यूटी और ब्रेन एकसाथ मौजूद नहीं रह सकते।’ एक अन्य यूजर ने कहा ‘इसरो का फेक अकाउंट है।’ एक यूजर ने कहा ‘फेक एकाउंट को प्रमोट करके कितना कमा लोगी…. Kent की कमाई कम पड़ रही है क्या?’

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER