Commonwealth Games / भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने वेल्स को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

हरमनप्रीत सिंह की हैट्रिक की मदद से भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों की पुरूष हॉकी स्पर्धा में गुरुवार को वेल्स को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम ने पहले ही क्वार्टर से आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन वेल्स की डिफेंस ने उसका अच्छा जवाब दिया। हालांकि दूसरे क्वार्टर में हरमनप्रीत सिंह ने दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को बढ़त दिलाई।

Commonwealth Games | हरमनप्रीत सिंह की हैट्रिक की मदद से भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों की पुरूष हॉकी स्पर्धा में गुरुवार को वेल्स को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम ने पहले ही क्वार्टर से आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन वेल्स की डिफेंस ने उसका अच्छा जवाब दिया। हालांकि दूसरे क्वार्टर में हरमनप्रीत सिंह ने दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को बढ़त दिलाई। भारत के आखिरी पूल-बी मैच में उपकप्तान हरमनप्रीत (18', 20', 41') ने तीन गोल किये, जबकि गुरजंत (49') ने एक गोल का योगदान दिया। वेल्स का एकलौता गोल गैरेथ फर्लान्ग (55') ने किया।  भारत मैच की शुरुआत से ही विपक्षी वेल्स पर हावी रहा, हालांकि पहले क्वार्टर में किसी भी तरफ से गोल नहीं हुआ। दूसरे क्वार्टर में पहुंचते ही भारत ने दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया।

हरमनप्रीत ने पहले क्वार्टर-2 के तीसरे मिनट में विपक्षी गोलकीपर को छकाते हुए गेंद को नेट तक पहुंचाया, और फिर दो मिनट बाद ही गोलकीपर की बाईं ओर गोल किया। इस गोल के साथ वह राष्ट्रमंडल खेल 2022 में आठ गोल के साथ सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गये। मैच के तीसरे क्वार्टर में हरमनप्रीत पेनल्टी कॉर्नर में चूके, हालांकि 41वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक को सफल बनाते हुए उन्होंने मैच में गोल की हैट्रिक पूरी की।

गुरजंत की हॉकी का एकलौता गोल 49वें मिनट में आया जब उन्होंने शमशेर के पास को दिशा दिखाते हुए नेट तक पहुंचाया। इस गोल को पहले खारिज किया गया था लेकिन भारत के वीडियो रेफरल के बाद इसे वैध करार दिया गया। वेल्स के फर्लान्ग ने अपनी टीम का सांत्वना गोल क्वार्टर-4 के 10वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर की बदौलत किया। इससे चार मिनट पहले फर्लान्ग को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला था, लेकिन उनके शॉट को भारतीय गोलकीपर कृष्णा पाठक ने सफलतापूर्वक रोका। 

अपने आखिरी पूल मैच में जीत के बाद भारत चार मैचों में 10 पॉइंट के साथ पहले स्थान पर आ गया है। दूसरे स्थान पर सात पॉइंट के साथ इंग्लैंड है जिसे कनाडा के खिलाफ एक मैच खेलना है। यदि इंग्लैंड पहले स्थान पर आना चाहता है तो उसे भारत के 12 गोल के अंतर को पाटना होगा।

इससे पहले दुनिया की पांचवें नंबर की टीम भारत ने पहले मैच में घाना को 11-0 से हराया था लेकिन दूसरे मैच में अनुशासनहीन प्रदर्शन का खामियाजा इंग्लैंड से 4-4 से ड्रॉ के रूप में भुगतना पड़ा। तीसरे में भारतीय टीम ने वापसी करते हुए कनाडा को 8-0 से करारी शिकस्त दी। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER