अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने महिला क्रिकेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट, ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए वार्म-अप मुकाबलों के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस मेगा इवेंट का आगाज 12 जून 2026 से होने जा रहा है, लेकिन उससे पहले सभी टीमें अपनी तैयारियों को परखने के लिए मैदान पर उतरेंगी। इंग्लैंड और वेल्स की मेजबानी में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट से पहले 6 जून से 10 जून तक अभ्यास मैच खेले जाएंगे। इन मैचों का उद्देश्य खिलाड़ियों को स्थानीय परिस्थितियों और पिचों के मिजाज से रूबरू कराना है और iCC ने पुष्टि की है कि ये वार्म-अप मुकाबले कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स, डर्बी काउंटी ग्राउंड और लॉफबोरो यूनिवर्सिटी में आयोजित किए जाएंगे। लॉफबोरो यूनिवर्सिटी का महत्व इसलिए भी अधिक है क्योंकि यहाँ इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) का नेशनल क्रिकेट परफॉर्मेंस सेंटर स्थित है।
भारतीय टीम का वार्म-अप शेड्यूल और वेन्यू
भारतीय महिला क्रिकेट टीम वर्ल्ड कप के मुख्य मैचों से पहले दो महत्वपूर्ण वार्म-अप मुकाबले खेलेगी। शेड्यूल के अनुसार, टीम इंडिया का पहला अभ्यास मैच 8 जून 2026 को वेस्टइंडीज के खिलाफ होगा। यह मुकाबला कार्डिफ के मैदान पर खेला जाएगा। इसके बाद, 10 जून 2026 को भारतीय टीम मेजबान इंग्लैंड से भिड़ेगी, जो कार्डिफ में ही आयोजित होगा। ये दोनों मैच भारतीय समयानुसार नहीं बल्कि स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे के स्लॉट में रखे गए हैं। इन दो कड़े मुकाबलों के बाद भारतीय टीम सीधे वर्ल्ड कप के अपने अभियान की शुरुआत करेगी, जहाँ उसका सामना चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। ICC ने इन मैचों के लिए दो समय निर्धारित किए हैं, जिसमें सुबह के मैच 10:00 बजे और दोपहर के मैच 03:00 बजे शुरू होंगे।
टिकट बिक्री में बना ऐतिहासिक रिकॉर्ड
टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही फैंस के बीच इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। ICC के आंकड़ों के मुताबिक, वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 अब तक के इतिहास का सबसे ज्यादा टिकट बिकने वाला संस्करण बन गया है। 45 लाख से ज्यादा टिकटों की बिक्री हो चुकी है। यह आंकड़ा महिला क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण है और विशेष रूप से, इस बार की टिकट बिक्री ने 2020 वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के पूरे टूर्नामेंट की कुल दर्शक संख्या 136,549 को भी पीछे छोड़ दिया है। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला बर्मिंघम में इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा, जिसके लिए दर्शकों में भारी क्रेज देखा जा रहा है।
वार्म-अप मैचों का पूरा कार्यक्रम
इस विस्तृत शेड्यूल के माध्यम से ICC ने सुनिश्चित किया है कि सभी 10 टीमों को पर्याप्त अभ्यास मिले। 9 जून को होने वाले मैचों में स्कॉटलैंड और पाकिस्तान के बीच डर्बी में भिड़ंत होगी, जबकि आयरलैंड और बांग्लादेश लॉफबोरो में आमने-सामने होंगे। उसी दिन दोपहर के सत्र में नीदरलैंड्स का सामना श्रीलंका से और साउथ अफ्रीका का मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा और वार्म-अप राउंड के अंतिम दिन यानी 10 जून को भारत और इंग्लैंड के बीच सुबह के सत्र में बड़ा मुकाबला होगा, जबकि दोपहर में वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया की टीमें कार्डिफ में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देंगी। इसके बाद सभी टीमें वर्ल्ड कप के मुख्य राउंड के लिए तैयार होंगी, जिसकी शुरुआत बर्मिंघम में इंग्लैंड और श्रीलंका के मैच से होगी।
