बॉलीवुड / शिल्पा शेट्टी का साथ नहीं दे सकते तो कम-से-कम उन्हें अकेला छोड़ दीजिए: हंसल मेहता

Zoom News : Jul 31, 2021, 06:58 AM
मुंबई: पोर्नोग्राफी केस में राज कुंद्रा की गिरफ्तारी के बाद शिल्पा शेट्टी भी खबरों में छाई हुई हैं। सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच निर्देशक हंसल मेहता ने शिल्पा शेट्टी का समर्थन किया और बॉलीवुड सितारों की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। हंसल मेहता ने ट्वीट कर लिखा कि अच्छे वक्त में सब पार्टियां करने के लिए होते हैं।

प्राइवेसी के साथ रहने दें

हंसल मेहता ने एक के बाद तीन ट्वीट किए। उन्होंने कहा कि ‘अगर आप शिल्पा शेट्टी के साथ खड़े नहीं हो सकते हैं तो कम से कम उन्हें अकेला छोड़ दीजिए और कानून को फैसला करने दीजिए? उन्हें गरिमा और प्राइवेसी के साथ रहने दीजिए। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो लोग पब्लिक पर्सनालिटीज हैं उन्हें अपना बचाव करने के लिए छोड़ दिया जाता है और न्याय मिलने से पहले ही उन्हें दोषी घोषित कर दिया जाता है।‘

नुकसान पहले ही हो चुका

हंसल मेहता आगे लिखते हैं कि ‘यह चुप्पी एक तरह का पैटर्न है। अच्छे वक्त में सभी लोग पार्टी करते हैं। जब वक्त खराब हो तो एक सन्नाटा सा छा जाता है। अलग कर दिया जाता है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आखिर में सच क्या है, नुकसान पहले ही हो चुका है।‘

चुप्पी की कीमत है

‘बदनाम करने का यह एक पैटर्न है। अगर एक फिल्मी व्यक्ति पर आरोप है तो निजता पर हमला, पहले से राय बना लेना, चरित्र हनन, ‘न्यूज’ को बकवास गॉसिप से भरना- यह सब एक व्यक्ति की प्रतिष्ठा की कीमत पर होता है। यह चुप्पी की कीमत है।‘

राज कुंद्रा की वजह से शिल्पा निशाने पर

बता दें कि मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 19 जुलाई को राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया था। उन पर पोर्नोग्राफी रैकेट में शामिल होने का आरोप है। राज कुंद्रा की गिरफ्तारी के बाद से शिल्पा शेट्टी पर भी निशाना साधा जा रहा है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER