क्रिकेट / भारत ने चौथी बार हासिल किया 200+ का टारगेट, ऑस्ट्रेलिया भी पीछे

AajTak : Jan 24, 2020, 05:51 PM
क्रिकेट: भारतीय क्रिकेट टीम ने टी-20 इंटरनेशल मैचों में सबसे अधिक चार बार 200 से अधिक रनों का टारगेट चेज किया है। दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया है, जिसने दो बार यह कारनामा किया है। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और कतर ने एक-एक बार यह कारनामा किया है।

भारत ने शुक्रवार को ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ 204 रनों के टारगेट को चेज किया और एक ओवर शेष रहते जीत हासिल की। यह भारत का तीसरा सबसे बड़ा सफल चेज है। इससे पहले भारत ने 2019 में हैदराबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ 208 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की थी।

2009 में भारत ने मोहाली में श्रीलंका के खिलाफ 207 रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया था और इसके अलावा 2013 में भारत ने राजकोट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 202 रनों के लक्ष्य को चेज करते हुए जीत हासिल की थी। इन सबके अलावा भारत ने 2018 में ब्रिस्टल में इंग्लैंड के खिलाफ 199 तथा 2016 में सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 198 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत पाई थी। जहां तक न्यूजीलैंड की बात है तो उसके खिलाफ इससे पहले सिर्फ ऑस्ट्रेलिया ने 2018 में ऑकलैंड में ही 244 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की थी।

भारत ने कब-कब 200 से ज्यादा रनों के लक्ष्य को हासिल किया  (टी-20 इंटरनेशनल)

208 बनाम वेस्टइंडीज हैदराबाद 2019

207 बनाम श्रीलंका मोहाली 2009

204 बनाम न्यूजीलैंड ऑकलैंड 2020 *

202 बनाम ऑस्ट्रेलिया राजकोट 2013


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER