कोविड-19 / विश्व में सबसे अधिक जांच करने वाले देशों में भारत भी, कल हुए 11 लाख से ज्यादा टेस्ट

News18 : Sep 03, 2020, 04:55 PM
नई दिल्ली। देश में कोविड-19 (Covid-19) संक्रमण का पता लगाने के लिए बीते दिन में 11 लाख से ज्यादा लोगों की जांच की गई है। जिसके बाद अब तक कुल जांचों की संख्या 4,55,09,380 हो गई है। देश में बुधवार को एक दिन में रिकॉर्ड 11,72,179 परीक्षण किए गए। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (Indian Council of Medical Research) के अधिकारियों ने बताया कि भारत की प्रति दिन जांच करने की क्षमता 10 लाख के पार पहुंच गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Health Ministry) के ओएसडी राजेश भूषण ने प्रेस वार्ता में बताया कि भारत में जांच में अभूतपूर्व वृद्धि हो रही है। पिछले 24 घंटों में 11,70,000 से ज्यादा जांचें की गईं। इसके साथ ही देश में बीते एक दिन में 68,584 लोग ठीक हुए हैं जो कि अब तक के सबसे अधिक हैं। देश में ठीक होने वाले लोगों का आंकड़ा अब 29.70 लाख तक पहुंच गया है जो कि एक्टिव मामलों (Active Cases) की तुलना में 3.5 गुना है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के ओएसडी राजेश भूषण ने बताया कि देश में प्रति दस लाख की आबादी में कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमितों की संख्या 2,792 है। भारत उन देशों में शुमार है, जहां यह दर सबसे कम है। भारत में कोविड-19 के कारण मृत्यु दर (Covid-19 Fatality Rate) और घट कर 1.75 प्रतिशत हो गई है जबकि देश में स्वस्थ होने वालों की दर बढ़कर (Covid-19 Recovery Rate) 77।09 प्रतिशत हो गई है। डेटा के मुताबिक देश में 8,15,538 लोग अब भी कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में हैं जो सभी मामलों का तकरीबन 21।16 प्रतिशत है।

देश में अब तक के सबसे अधिक नए मामले

भारत में कोविड-19 के एक दिन में सर्वाधिक 83,883 नए मामले सामने आने के बाद गुरुवार को देश में संक्रमितों की कुल संख्या 38 लाख को पार कर गई। वहीं, अभी तक 29,70,492 मरीजों के ठीक होने से स्वस्थ होने वाले लोगों की दर 77 प्रतिशत के पार पहुंच गई।

मंत्रालय ने कहा कि देश भर में जांच प्रयोगशालाओं के तेज विस्तार के चलते भी जांच बढ़ी है। भारत में आज की तारीख में 1,623 प्रयोगशालाएं (लैब) हैं, जिनमें 1,022 सरकारी हैं जबकि 601 निजी क्षेत्र के हैं।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार देश में कोविड-19 के मामले बढ़कर 38,53,406 हो गए हैं। वहीं, पिछले 24 घंटे मे 1,043 लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 67,376 हो गई। देश में सात अगस्त को कोविड-19 के मामले 20 लाख के पार चले गए थे, जबकि 23 अगस्त को 30 लाख का आंकड़ा पार किया था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER