Asia Cup 2022 / भारत एशिया कप से बाहर होने की कगार पर, ट्रेंड हुआ #SackRohit

Zoom News : Sep 07, 2022, 09:30 PM
एशिया कप 2022 सुपर-4 मैच में श्रीलंका के खिलाफ छह विकेट से हारने के बाद टीम इंडिया अब टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर खड़ी है। भारत के लिए अब टूर्नामेंट में आगे की राह बहुत मुश्किल हाे गई है।सुपर 4 में भारत की यह लगातार दूसरी हार है। टीम इंडिया को इससे पहले पाकिस्तान ने 5 विकेट से पीटा था। वहीं, श्रीलंका की सुपर 4 में यह लगातार दूसरी जीत है। श्रीलंका के खिलाफ हार के बाद फैंस का गुस्सा ठमने का नाम नहीं ले रहा है। सोशल मीडिया पर लगातार टीम इंडिया को निशाना बनाया जा रहा है। जहां एक तरफ क्रिकेट एक्स्पर्ट से लेकर फैंस तक टीम चयन पर सवाल उठा रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ कप्तान रोहित शर्मा भी आलोचकों के निशाने पर हैं। 

सुपर 4 में लगातार दूसरी हार के बाद ट्विटर पर #SackRohit लगातार ट्रेंड हो रहा है। ट्विटर पर अब तक करीब 25.5K यूजर्स #SackRohit ट्वीट कर चुके हैं। श्रीलंका के खिलाफ नजदीकी मुकाबले में जिस तरह भारत को हार झेलनी पड़ी उसके बाद से रोहित की कप्तानी भी सवाल उठाए जा रहे हैं। भारत को आखिरी ओवर में 7 रन डिफेंड करने थे और गेंदबाजी का जिम्मा मिला अर्शदीप सिंह को, लेकिन वे इसका बचाव नहीं कर सके। 

श्रीलंका से हारने के बाद अब आज अगर पाकिस्तान ने अफग़ानिस्तान को हराया तो एशिया कप 2022 में भारत का सफ़र पूरी तरह से समाप्त हो जाएगा। भारत अब केवल नेट रन रेट के आधार पर फ़ाइनल में जा सकता है लेकिन उसके लिए अन्य परिणामों को भारत के पक्ष में जाना होगा। 

भारत के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए ये जरूर है कि अफगानिस्तान अपने अगले मैच में पाकिस्तान को हरा दे। इसके अलावा भारत अपने अगले मैच में अफगानिस्तान को हरा दे। साथ ही श्रीलंका भी पाकिस्तान को मात दे दे। इसके बाद भी भारत तभी फाइनल के लिए क्वालीफाई कर सकता है जब उसका नेट रन रेट अफगानिस्तान और पाकिस्तान से बेहतर हो। अगर ये सब होता है तो ही भारत फाइनल के लिए क्वालीफाई कर सकता है। भारत को अब अपना अगला मैच गुरुवार को अफगानिस्तान के साथ खेलना है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER