IND-PAK / पाकिस्तान की नापाक हरकत का भारत ने दिया मुंहतोड़ जवाब, 7-8 पाक जवानों को मार गिराया

Zoom News : Nov 13, 2020, 09:46 PM
IND-PAK: दिवाली से ठीक एक दिन पहले भारत ने पाकिस्तान की नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया है। पाकिस्तानी सेना द्वारा नियंत्रण रेखा के पास संघर्ष विराम के उल्लंघन के जवाब में भारतीय सेना ने जवाबी फायरिंग करते हुए 7-8 पाकिस्तानी सेना के जवानों को मार गिराया है।

भारतीय सेना के सूत्र ने कहा कि पाकिस्तान के करीब 10-12 सैनिक घायल हुए हैं और बड़ी संख्या में पाकिस्तानी सेना के बंकर और लॉन्च पैड भी नष्ट हुए हैं।

बता दें पाकिस्तानी सैनिकों ने शुक्रवार को जम्मू कश्मीर में उरी सेक्टर से लेकर गुरेज सेक्टर के बीच कई स्थानों पर नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया जिससे तीन सुरक्षाकर्मियों सहित छह लोगों की मौत हो गयी। अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने मोर्टार दागे और अन्य हथियारों से गोलाबारी की।

अधिकारियों ने बताया कि उरी के नंबला में पाकिस्तानी गोलीबारी में सेना के दो जवान शहीद हो गए। उन्होंने कहा कि हाजी पीर सेक्टर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक सब-इंस्पेक्टर भी शहीद हो गए जबकि एक जवान घायल हो गया।

बारामूला जिले के उरी क्षेत्र में कमलकोट सेक्टर में दो नागरिकों की मौत हो गयी वहीं हाजी पीर सेक्टर के बालकोट क्षेत्र में एक महिला की मौत हो गयी। इन घटनाओं में कई लोग घायल भी हो गए।

एक रक्षा प्रवक्ता ने यह भी बताया कि सेना ने घुसपैठ की एक कोशिश को विफल कर दिया। केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास संघर्ष विराम का उल्लंघन कर घुसपैठ के लिए मदद की जा रही थी।

श्रीनगर स्थित रक्षा प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने कहा, ‘‘केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम चौकियों पर आज हमारे सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधियां देखीं। सतर्क सैनिकों ने संदिग्ध घुसपैठ के प्रयास को नाकाम कर दिया।’’ उन्होंने कहा कि घुसपैठ के प्रयास के साथ ही पाकिस्तान ने बिना किसी उकसावे के संघर्षविराम का उल्लंघन शुरू किया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER