IPL 2024 / 'इसमें हार्दिक की गलती नहीं है', मुंबई के कप्तान को सौरव गांगुली ने किया सपोर्ट

Zoom News : Apr 06, 2024, 09:39 PM
IPL 2024: मुंबई इंडियंस के लिए IPL 2024 किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। मौजूदा सीजन में मुंबई इंडियंस की टीम अपने शुरुआती तीन मुकाबले हार चुकी है। जब से मुंबई इंडियंस ने घोषणा की है कि पांड्या पांच बार की चैंपियन टीम की कप्तानी करेंगे तब से उन्हें फैंस के गुस्से का शिकार होना पड़ रहा है। अहमदाबाद में अपनी पिछली फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस के घरेलू मैदान पर उनकी पहले मैच में उनकी हूटिंग की गई। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के लिए जब वह हैदराबाद गए, तब भी यह सिलसिला जारी रहा। मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सीजन का अपना पहला घरेलू मैच खेला तो भी हार्दिक की हूटिंग की गई। अब इस पर सौरव गांगुली ने बड़ी बात कही है। 

सौरव गांगुली ने कही ये बात

सौरव गांगुली ने दिल्ली कैपिटल्स के ट्रेनिंग सेशन के दौरान कहा कि मुझे नहीं लगता कि उन्हें हार्दिक पांड्या की हूटिंग करनी चाहिए। यह सही नहीं है। क्योंकि फ्रेंचाइजी ने उन्हें कप्तान नियुक्त किया है। खेल में ऐसा ही होता है। आप भारत की कप्तानी करें या किसी राज्य की कप्तानी करें या आप अपनी फ्रेंचाइजी की कप्तानी करें। आपको कप्तान नियुक्त किया जाता है। 

'हार्दिक की नहीं है गलती'

दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट निदेशक गांगुली ने कहा कि उन्हें कप्तान नियुक्त किया गया है। निश्चित रूप से रोहित शर्मा को देखें तो वह अलग तरह का खिलाड़ी है। एक कप्तान और एक खिलाड़ी के तौर पर इस फ्रेंचाइजी के लिए उनका प्रदर्शन और भारत के लिए उनका प्रदर्शन एक अलग स्तर पर रहा है। लेकिन यह हार्दिक की गलती नहीं है कि उन्हें कप्तान नियुक्त किया गया है। हम सभी को यह समझने की जरूरत है। मुंबई इंडियंस रविवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी।

पांच बार जीता है खिताब

मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की कप्तानी में पांच बार आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम की है। लेकिन टीम आईपीएल 2024 में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई। टीम को पहले मैच में गुजरात के खिलाफ 6 रन से, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 31 रन से और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 6 विकेट से हार मिली थी।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER