IND vs ENG / ऐतिहासिक कीर्तिमान बनाने से सिर्फ इतने रन दूर जायसवाल, तोड़ देंगे द्रविड-सहवाग का रिकॉर्ड?

यशस्वी जायसवाल टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ दो दोहरे शतक और ऑस्ट्रेलिया में शतक जड़ने के बाद अब उनसे इंग्लैंड में भी उम्मीदें हैं। वह 202 रन दूर हैं 2000 रन पूरे करने से और सहवाग-द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।

IND vs ENG: युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल बीते कुछ समय में भारतीय टेस्ट टीम की रीढ़ बनकर उभरे हैं। जब भी उन्हें मौका मिला, उन्होंने खुद को साबित किया है। इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में दो दोहरे शतक लगाकर उन्होंने अपने इरादे जता दिए थे। फिर ऑस्ट्रेलिया की तेज और उछाल भरी पिचों पर भी शतक जड़कर अपनी तकनीकी मजबूती का परिचय दिया। अब सबकी निगाहें उनके इंग्लैंड दौरे के प्रदर्शन पर टिकी होंगी, जहां टीम मैनेजमेंट को उनसे एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद होगी।

सिर्फ 202 रन दूर इतिहास रचने से

जायसवाल अभी तक भारत के लिए 36 टेस्ट पारियां खेल चुके हैं और उन्होंने 1798 रन बनाए हैं। अगर वह इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती तीन पारियों में 202 रन बना लेते हैं, तो वह भारत के लिए टेस्ट में सबसे कम पारियों में 2000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। अभी तक यह रिकॉर्ड राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के नाम है, जिन्होंने 40-40 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था।

शानदार आंकड़े, दमदार तकनीक

2023 में टेस्ट डेब्यू करने वाले जायसवाल ने बेहद कम समय में अपनी बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा है। 19 टेस्ट मैचों की 36 पारियों में उन्होंने 4 शतक और 10 अर्धशतक के साथ 1798 रन बनाए हैं। उनका संयम और पिच पर टिकने की क्षमता उन्हें लंबी पारियों के लिए उपयुक्त बनाती है। एक बार सेट हो जाने के बाद, गेंदबाजों के लिए उन्हें आउट करना मुश्किल हो जाता है।

इंग्लैंड के खिलाफ है खास रिकॉर्ड

जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ अब तक 5 टेस्ट मैचों में 712 रन बनाए हैं, जिसमें दो दोहरे शतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 214 रन रहा है। इससे साफ है कि वह इंग्लैंड के गेंदबाजों के खिलाफ न सिर्फ सहज हैं, बल्कि आक्रामक भी हैं। विदेशी धरती पर यह अनुभव उनके बहुत काम आ सकता है।

केएल राहुल के साथ ओपनिंग की संभावना

रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद ओपनिंग स्लॉट खाली हुआ है। ऐसी स्थिति में केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी भारत के लिए पारी की शुरुआत कर सकती है। युवा खिलाड़ियों से सजी इस टीम में जायसवाल को रन बनाने की जिम्मेदारी भी निभानी होगी और टीम को ठोस शुरुआत देनी होगी।