बॉलीवुड | एक्टर और खुद को फिल्म समीक्षक कहने वाले कमाल आर खान जेल से वापस घर लौट चुके हैं। विवादित ट्वीट को लेकर उन्हें 29 अगस्त की देर रात मुंबई एयरपोर्ट से पुलिस ने पहले हिरासत में लिया और फिर उन्हें गिरफ्तार किया गया। बाद में शोषण के मामले में भी उनकी गिरफ्तारी हुई थी। अपने ट्वीट से चर्चा में रहने वाले केआरके जैसे ही जेल से छूटे उन्होंने ट्वीट किया जो कि देखते ही देखते वायरल हो गया। केआरके ने लिखा कि वो बदला लेने के लिए लौट आए हैं। अब लेटेस्ट अपडेट है कि महज 12 घंटे में उन्होंने अपना ये ट्वीट डिलीट कर दिया है।
क्या हुआ ऐसा केआरके के बदले सुर?
केआरके ने बदला लेने की बात जिस तरह से की थी उससे उनका गुस्सा साफ झलक रहा था लेकिन अब ऐसा लग रहा है उनके सुर बदल गए हैं। रविवार की शाम को उन्होंने ट्वीट कर मीडिया पर आरोप मढ़ दिया कि मीडिया नई कहानियां बना रहा है। उन्होंने कहा कि उनके साथ जो भी बुरी चीजें हुई हैं उन्होंने उसे भुला दिया है।
लेटेस्ट ट्वीट में कहा
केआरके लिखते हैं, ‘मीडिया नई कहानियां बना रहा है। मैं वापस लौट आया हूं और सुरक्षित अपने घर पर हूं। मुझे किसी से कोई बदला लेने की जरूरत नहीं है। मेरे साथ जो भी बुरी चीजें हुईं मैंने उसे भूला दिया। मैं मानता हूं कि यह मेरी किस्मत में लिखा था।‘
पहले क्या लिखा
रविवार की सुबह केआरके ने ट्वीट में लिखा, ‘मैं अपना बदला लेने के लिए वापस आ गया हूं।’ आगे उन्होंने गुस्से वाला इमोजी बनाया।
किस वजह से हुई थी जेल
केआरके ने 2020 में ऋषि कपूर, इरफान खान और अक्षय कुमार पर विवादित ट्वीट किया था। इस मामले में उन्हें एयरपोर्ट से ही गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके अलावा 2019 में एक केस में भी उनकी गिरफ्तारी हुई थी। केआरके की फिटनेस ट्रेनर ने उन पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। फिलहाल दोनों ही मामलों में उन्हें जमानत मिल गई है।
