Bihar / सांप्रदायिक टकराव में बदला मामूली विवाद, पत्थरबाजी में कई लोग घायल

Zoom News : Apr 30, 2022, 11:22 AM
बिहार के लखीसराय में शुक्रवार रात को दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। यहां के किऊल थाना क्षेत्र में दो गुटों में हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया और देखते ही देखते यह सांप्रदायिक टकराव में बदल गया। इसके बाद मारपीट और पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आई हैं। घटना के बाद मौके पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। स्थानीय अधिकारियों का कहना है, आरोपियों की धरपकड़ के लिए छानबीन की जा रही है। 


जानकारी के मुताबिक, किऊल थाना क्षेत्र के हकीमगंज गांव में शुक्रवार रात को दो संप्रदायों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मामला हिंसक हो गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर हुई पत्थरबाजी में कई लोग जख्मी हुए हैं। इसके बाद से पूरे गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों समुदायों के बीच मामूली विवाद हुआ था, लेकिन बाद में यह हिंसक हो गया। इसके बाद मौके पर चार थानों की पुलिस को तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER