कोरोना वायरस / एमपी में कोविड-19 के सक्रिय केस अप्रैल के आखिर तक 1 लाख तक पहुंच सकते हैं: सीएम

Zoom News : Apr 10, 2021, 07:05 PM
Coronavirus in Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य में इस महीने के अंत तक कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या एक लाख तक पहुंच सकती है। चौहान ने कहा, 'जिस रफ्तार से कोरोना वायरस संक्रमण प्रदेश में बढ़ रहा है, उपचाराधीन मरीजों की संख्या इस महीने के अंत तक एक लाख तक पहुंच सकती है। हम इसे बीच में ही रोकने की कोशिश कर रहे हैं तथा लॉकडाउन सहित अन्य उपायों को अपनाना शुरु कर दिया है।' शुक्रवार तक मध्यप्रदेश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 30,486 तथा कुल मामलों की संख्या 3,27,220 तक पहुंच गई है।

इंदौर के सांसद ने दी ये जानकारी

इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने बताया, 'इंदौर में ऑक्सीजन की मांग 60% हो गई है। हमने एक समिति बनाई है जो अस्पतालों में ऑक्सीजन की उपलब्धता का ऑडिट करेगी। हमने इंदौर में सोमवार से शुक्रवार तक तालाबंदी को आगे बढ़ाया है। 24X7 कोविड कंट्रोल रूम जनता को वायरस से संबंधित जानकारी प्रदान करेगा। हम अस्पतालों में सामान्य और आईसीयू बेड की बढ़ती संख्या पर काम कर रहे हैं। आज, डॉक्टरों की एक टीम अस्पताल में प्रवेश पर एक प्रोटोकॉल जारी करेगी।' 

कोरोना के 72% एक्टिव केस सिर्फ 5 राज्यों में, अकेले महाराष्ट्र में 51% सक्रिय मामले

पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1,45,384 नए मामले दर्ज किए गए हैं। दस राज्यों- महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान- में कोविड-19 के दैनिक नए मामलों में वृद्धि दिखाई दे रही है। नये मामलों का 82.82 प्रतिशत इन्हीं दस राज्यों में ही है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 58,993 दैनिक नए मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं सक्रिय मामलों की कुल संख्या 10,46,631 तक पहुंच गई है। भारत में कुल सक्रिय मामलों का कुल 72.23 प्रतिशत पांच राज्यों महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और केरल में है। देश में कुल सक्रिय मामलों का 51.23 प्रतिशत अकेले महाराष्ट्र से है।

इसके अलावा पिछले 24 घंटे में 794 मौतें हुई हैं। दस राज्यों में कोविड से होने वालीं मौतों का हिस्सा 86.78 प्रतिशत है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मौतें (301) दर्ज हुईं हैं। जिसके बाद छत्तीसगढ़ में 91 दैनिक मौतें दर्ज की गई हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER