वैक्सीनेशन / मुंबई में शनिवार और रविवार को नहीं होगा कोविड-19 टीकाकरण: बीएमसी

Zoom News : May 15, 2021, 07:40 AM
मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में चक्रवाती तूफान 'तौकते की चेतावनी के मद्देनजर बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अधिकारियों ने कोविड-19 टीकाकरण अभियान को अगले दो दिन के लिए स्थगित करने का फैसला किया है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका ने शुक्रवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी, जिसके मुताबिक मुंबई में 15 और 16 मई को टीकाकरण अभियान स्थगित रहेगा।

मुंबई के अतिरिक्त महानगर पालिका आयुक्त सुरेश ककाणी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि चक्रवाती तूफान 'तौकते' के मद्देनजर एहतियात के तौर पर टीकाकरण अभियान को रोकने का फैसला लिया गया है। मुंबई में कुल 260 टीकाकरण केन्द्र हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि चक्रवाती तूफान 'तौकते' मुंबई के नजदीक से होकर गुजर सकता है।

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के नए मामलों में रोजाना कमी आ रही है। हालांकि, मरने वालों की संख्या जरूर राज्य सरकार के लिए चिंता का सबब बनी हुई हैं। शुक्रवार को राज्य में 40 हजार से भी कम नए मामले सामने आए हैं, जबकि मुंबई में भी 1,657 नए मरीज मिले हैं। 

यह लगातार छठवां दिन है, जब महाराष्ट्र में 50 हजार से कम मामले मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 39,923 नए मरीज मिले हैं, जबकि इस दौरान 53,249 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। वहीं, इस दौरान 695 लोगों की जान चली गई।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER