टोक्यो ओलंपिक्स / टोक्यो ओलंपिक्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा भारत लौटे, सामने आई तस्वीरें

Zoom News : Aug 09, 2021, 08:18 PM
नई दिल्ली: टोक्यो ओलंपिक 2020 में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचने वाले नीरज चोपड़ा भारत लौट चुके हैं। एयरपोर्ट पर नीरज का जोरदार स्वागत हुआ और उनके साथ एक फोटो खींचवाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। नीरज ने एथलेटिक्स में 100 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए देश को गोल्ड मेडल दिलाया। भारत के इस एथलीट की कामयाबी पर पूरा देश गर्व कर रहा है और एयरपोर्ट पर भी उनकी जमकर जय-जयकार हुई। नीरज ओलंपिक खेलों में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाले महज दूसरे ही खिलाड़ी हैं। उनसे पहले साल 2008 में अभिनव बिंद्रा ने निशानेबाजी के खेल में गोल्ड पर निशाना लगाया था।

भारत का ओलंपिक में यह अबतक का सबसे शानदार प्रदर्शन रहा और देश ने एक गोल्ड, दो सिल्वर और चार ब्रॉन्ज के साथ कुल 7 मेडल जीते। नीरज ने अपने फाइनल मुकाबले के दूसरे प्रयास में 87.58 मीटर का थ्रो फेंका था और गोल्ड मेडल पर कब्जा किया था। देश के लिए दूसरा गोल्ड जीतने पर नीरज पर जमकर धनवर्षा भी हुई। नीरज ने इससे पहले क्वालीफाइंग राउंड में भी अपने प्रदर्शन से सनसनी फैला दी थी। उन्होंने टॉप पर रहते हुए पहले ही प्रयास में 86.65 मीटर का थ्रो फेंका था और 83.65 के क्वालीफिकेशन लेवल को आसानी से पार कर लिया था। नीरज इससे पहले एशियाई खेलों, कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियाई चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल अपने नाम कर चुके हैं और यही वजह है कि पूरा देश की निगाहें उनके ऊपर टिकी हुईं थीं।

भारत को ओलंपिक 2020 में पहला मेडल वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू ने दिलाया था। मणिपुर के इस खिलाड़ी ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। इसके बाद पीवी सिंधु ने बैडमिंटन, लवलीना बोरगोहेन ने बॉक्सिंग में देश को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया था। पहले बार ओलंपिक खेलों में उतरे रेसलर रवि दहिया ने अपने प्रदर्शन से हर किसी का दिल जीतते हुए कुश्ती में सिल्वर मेडल पर कब्जा किया। वहीं, पुरुष हॉकी टीम ने टोक्यो में 41 साल के सूखे को खत्म करते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। रेसलर बजरंग पूनिया भी टोक्यो से रेसलिंग में कांस्य पदक लेकर भारत लौटे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER