Auto / Honda Shine को अब तक 90 लाख से ज्यादा लोगों ने खरीदा

Zoom News : Dec 23, 2020, 05:43 PM
भारतीय बाजार में कम्यूटर सेग्मेंट की बाइक्स की डिमांड हमेशा से रही है। कम कीमत, लो मेंटेनेंस और बेहतर माइलेज के चलते लोग इस सेग्मेंट की बाइक्स को ज्यादा पसंद करते हैं। होंडा मोटरसाइकिल इंडिया ने जानकारी दी है कि उनकी Honda Shine मोटरसाइकिल ने एक नया कीर्तिमान अपने नाम किया है, जब से इस बाइक को लॉन्च किया गया है तब से इसके 90 लाख से ज्यादा यूनिट्स की बिक्री की गई है।

दरअसल, कंपनी ने अपने Honda Shine मोटरसाइकिल को तकरीबन 14 साल पहले साल 2006 में पहली बार बाजार में लॉन्च किया था। तब से लेकर अब तक कंपनी ने इसे कई बार अपडेट किया और अब तक कंपनी ने इसके 90 लाख से ज्यादा यूनिट्स की बिक्री कर ली है। कंपनी का दावा है कि 125cc सेग्मेंट में यह बेस्ट सेलिंग बाइक रही है और महज 54 महीनों के भीतर ही इसके 10 लाख यूनिट्स की बिक्री कर ली गई थी।

Honda के अनुसार साल 2013 में देश में बेची जाने वाली हर तीसरी बाइक में से एक Honda Shine रही है। इसी के साथ साल 2014 में कंपनी ने इसके 30 लाख यूनिट्स की बिक्री का आंकड़ा छुआ था। वहीं साल 2018 के दौरान देश में बेची जाने वाली हर दूसरी बाइक Shine रही है। समय के साथ इस बाइक को कंपनी ने कई बार अपडेट किया जो कि इसकी लगातार लोकप्रियता का मुख्य कारण रही है।

नया मॉडल: हाल ही में कंपनी ने इस बाइक को नए अपडेटेड इंजन के साथ बाजा में लॉन्च किया है। इसमें कंपनी ने PGM-FI HET तकनीक का प्रयोग किया है, इसके अलावां इसमें इन्हैंस्ड स्मार्ट पावर (eSP) भी दिया गया है। कंपनी ने इसमें 124cc की क्षमता का सिंगल सिलिंडर युक्त एयर कूल्ड फ्यूल इंजेक्टेड इंजन का प्रयोग किया है। जो कि 10.7PS की पावर और 11Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इसमें साइलेंट स्टार्ट फीचर के साथ 5 स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है।

खास फीचर्स: Honda Shine अपने सेग्मेंट में अन्य बाइक्स के मुकाबले बेहतर फीचर्स प्रदान करता है। इसमें कंपनी ने LED हेडलाइट्स, डिजिटल कंसोल, इंजन किल स्विच का प्रयोग किया है। इसके अलावां इसमें ड्रम ब्रेक के साथ कॉम्बी ब्रेकिंग सिस्टम (CBS) का प्रयोग किया है, जो कि तेज रफ्तार में भी संतुलित ब्रेकिंग प्रदान करता है। इस बाइक की कीमत 69,415 रुपये से लेकर 74,115 रुपये के बीच है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER